मेट्रो से लेकर ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर तक, गुरुग्राम परियोजनाओं की हुई समीक्षा
गुरुग्राम मेट्रो, एसपीआर, आरआरटीएस और ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की केंद्रीय मंत्री ने की समीक्षा
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: गुरुग्राम को विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की मंगलवार को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय लघु सचिवालय में जीएमडीए, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, उनके निर्धारित समय में पूरा होने की संभावनाओं तथा कार्यों में तेजी लाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पलवल-सोहना-मानेसर-सोनीपत आॅर्बिटल रेल कॉरिडोर, पुराना गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट, दिल्ली-बावल आरआरटीएस कॉरिडोर, ग्रेटर एसपीआर रोड, खेडकी दौला से वाटिका चौक तथा वाटिका चौक से घाटा चौक तक एलिवेटेड एसपीआर रोड, नए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण, एनसीआर वाटर चैनल से भूमिगत पाइपलाइन परियोजना, निजी बिल्डर सोसायटियों में एसटीपी निर्माण तथा वर्षा जल निकासी से जुड़ी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में विभागवार अधिकारियों ने अपनी-अपनी परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए केंद्रीय मंत्री को विभिन्न कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम मेट्रो परियोजना का लगभग आठ प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक का कॉरिडोर अगस्त 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जलापूर्ति से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने एनसीआर वाटर चैनल तथा गुरुग्राम वाटर सप्लाई सिस्टम की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2051 तक की संभावित जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक जल प्रबंधन योजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में पानी की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि एनएच-48 से वाटिका चौक तक का निर्माण कार्य अक्टूबर माह में शुरू होने की संभावना है। वाटिका चौक का डिजाइन अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे 30 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और लंबित परियोजनाओं पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां फ्लाईओवर अथवा अन्य निर्माण कार्य लंबित हैं, वहां उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।