Indian T20 Squad: अय्यर संभालेंगे टी20 टीम की बागडोर, T20 चैंपियन सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर
15 वर्षीय प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी टीम में शामिल
Indian T20 Squad: नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय टी20 टीमों की घोषणा कर दी है। चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को टी20 प्रारूप का नया कप्तान नियुक्त किया है, जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि T20 चैंपियन सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर रखा गया है। Indian Cricket News
टीम चयन में सबसे अधिक चर्चा 15 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। आईपीएल 2026 में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन का पुरस्कार उन्हें आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में स्थान देकर मिला है। इसके अलावा तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर रवि बिश्नोई की भी राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है।
चयनकर्ताओं ने प्रिंस यादव पर भी भरोसा जताते हुए उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखलाओं के लिए टीम में शामिल किया है। हालांकि, एशियाई खेलों के लिए घोषित दल में उन्हें जगह नहीं मिली है। दूसरी ओर, हाल ही में भारत को टी20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव का नाम किसी भी टीम में शामिल नहीं किया गया, जिसने क्रिकेट प्रशंसकों को चौंकाया है। Indian Cricket News
आयरलैंड और इंग्लैंड के विरुद्ध होने वाली टी20 श्रृंखलाओं में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को शीर्ष क्रम में जिम्मेदारी दी गई है। ईशान किशन और शिवम दुबे भी टीम का हिस्सा हैं। मध्यक्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर, उपकप्तान तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल टीम को मजबूती देंगे। स्पिन विभाग में वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती को अवसर मिला है।
गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व मोहम्मद सिराज करेंगे। उनके साथ अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रिंस यादव तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, एशियाई खेल 2026 के लिए घोषित टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है। इसके विपरीत मोहम्मद सिराज को इस प्रतियोगिता के लिए चयनित नहीं किया गया है। भारत पहले आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबले खेलेगा, जिसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में भाग लेगा। Indian Cricket News