हड़ताल पर रहेंगे प्रदेशभर के क्रीड कर्मचारी, पंचकूला में करेंगे प्रदर्शन

वेतन संशोधन, नियमितीकरण और लंबित भत्तों की मांग को लेकर पंचकूला में करेंगे प्रदर्शन

Sarvesh Kumar Picture
Published On

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) परियोजना में कार्यरत क्रीड कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समाधान को लेकर सोमवार को प्रदेशव्यापी हड़ताल और प्रदर्शन का ऐलान किया है। हड़ताल के कारण प्रदेशभर में परिवार पहचान पत्र से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के प्रभावित होने की संभावना है। कर्मचारी पंचकूला स्थित राज्य मुख्यालय में एकत्रित होकर सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे। कर्मचारी प्रतिनिधियों के अनुसार नागरिक संसाधन सूचना विभाग के अंतर्गत संचालित परिवार पहचान पत्र परियोजना में जिला और ब्लॉक स्तर पर लगभग 400 कर्मचारी कार्यरत हैं।

इनमें जिला प्रबंधक, ब्लॉक प्रबंधक, प्रोग्रामर, अकाउंटेंट और फील्ड स्टाफ शामिल हैं। सरसा जिले में 12 जोनल मैनेजर, एक जिला मैनेजर, दो एफसीपी तथा एक अकाउंटेंट कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे परिवार पहचान पत्र, आय एवं लाभ सत्यापन, नागरिक शिकायतों के निस्तारण, डेटा प्रबंधन, सर्वेक्षण कार्य तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों पर लंबे समय से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

आश्वासन मिले, समाधान नहीं

जिला मैनेजर रविंद्र कुमार और मनोज कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। 8 दिसंबर 2025 को हुई बैठक में भी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद मांगें लंबित रहने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। यदि अब भी सरकार और विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

पंचकूला में होंगे एकत्रित 

कर्मचारी नेताओं के अनुसार सोमवार को प्रदेशभर के क्रीड एवं पीपीपी कर्मचारी सेक्टर-6 स्थित परिवार पहचान पत्र राज्य मुख्यालय, पंचकूला में एकत्रित होकर प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि उनकी मांगें केवल कर्मचारियों के हितों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विभाग की कार्यक्षमता और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता से भी जुड़ी हुई हैं। कर्मचारियों का मानना है कि यदि कार्यरत स्टाफ को उचित सुविधाएं और रोजगार सुरक्षा मिलेगी तो नागरिकों को भी बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी। इसलिए सरकार को उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

ये सेवाएं रह सकती हैं प्रभावित

हड़ताल के कारण परिवार पहचान पत्र से जुड़े सत्यापन कार्य, आय एवं लाभ सत्यापन प्रक्रियाएं, नागरिक शिकायतों का निस्तारण, डेटा प्रबंधन एवं रिकॉर्ड अपडेट, विभिन्न योजनाओं से संबंधित पीपीपी सेवाएं तथा सर्वेक्षण एवं फील्ड कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

कर्मचारी हरियाणा आईटी नीति के अनुरूप वेतन संशोधन, नियमितीकरण, पिछले तीन वर्षों की लंबित वार्षिक वेतनवृद्धि का एरियर सहित भुगतान, त्रैमासिक प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना लागू करने, यात्रा एवं संचार भत्ता देने, पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करने तथा हरियाणा जॉब सिक्योरिटी एक्ट-2024 के तहत लाभ प्रदान करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा वित्त विभाग के निदेर्शानुसार वेतन संशोधन लागू करने, ब्लॉक स्तर पर सहायक स्टाफ की नियुक्ति तथा समय पर सेवा विस्तार आदेश जारी करने की भी मांग उठाई गई है।

 

Sirsa News
Sirsa News: एडीसी सरसा को मांग पत्र सौंपते क्रीड एवं पीपीपी कर्मचारी।

 

 

 

About The Author

Related Posts