Punjab
गुरुवार को कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर रहेंगे स्वास्थ्य संविदाकर्मी, सौंपा ज्ञापन
पिछले तीन दिनों से मार्च व अप्रैल माह के लंबित वेतन भुगतान की मांग कर रहे स्वास्थ्यकर्मी
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात संविदाकर्मी गुरुवार को कार्य बहिष्कार करके हड़ताल पर रहेंगे। सीएचसी पर तैनात स्वास्थ्य संविदाकर्मी दो माह से वेतन भुगतान न होने के चलते पिछले तीन दिनों से काम के दौरान बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे है।
कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य संविदाकर्मियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को कार्य बहिष्कार करके हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। इस दौरान आकस्मिक सेवाएं पूर्ण रूप से बहाल रहेंगी। इस सन्दर्भ ने बुधवार को संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी शामली को संबोधित ज्ञापन-पत्र सीएचसी प्रभारी शैलेन्द्र चौरसिया को सौंपा है। स्वास्थ्यकर्मी उत्तर-प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर विगत तीन दिनों से काम के दौरान बाजू पर काली पट्टी बांधकर आक्रोश व्यक्त कर रहे है।
सीएचसी में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक के पद पर तैनात उत्तर-प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिला संगठन मंत्री अतुल गर्ग ने बताया कि संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को विगत मार्च व अप्रैल माह का वेतन नही मिला है, जिसके चलते स्वास्थ्यकर्मियों एवं उनके आश्रितों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इस सम्बंध में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को लंबित वेतन के सम्बन्ध में अवगत कराया जा चुका है, परन्तु कोई संज्ञान नही लिया गया। विभाग की नीरसता के चलते प्रदेश की स्वास्थ्य इकाइयों पर तैनात करीब 1.5 लाख संविदाकर्मियों में रोष व्याप्त है।
संगठन के निर्देश पर प्रदेशभर के संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के द्वारा विगत तीन दिनों से काम के दौरान बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। 20 मई तक लंबित वेतन भुगतान न होने पर 21 मई को कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। संगठन द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार स्वास्थ्य संविदाकर्मी गुरुवार को कार्य बहिष्कार करके सीएमओ कार्यालय पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। कार्य बहिष्कार के दौरान आकस्मिक सेवाएं पूरी तरह से चालू रहेंगी। इस दौरान जरीफ अहमद, जुनैद, आरिस खान, राजीव कुमार, जुनैद अली, मीनाक्षी, ऋतु, राजीव कुमार, बबीता देवी, पूजा, आसमा, जुल्फकार, अरविन्द आदि मौजूद रहे।
8.jpg)