नशे के खिलाफ गोरीवाला में महापंचायत, 13 वार्डों में बनीं निगरानी कमेटियां
ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर नशा मुक्त गांव बनाने का लिया संकल्प
गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। Goriwala News: उपतहसील गोरीवाला के भोमिया मंदिर में सोमवार को नशे के खिलाफ विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान गांव के 13 वार्डों में 4 से 5 सदस्यों वाली नशा विरोधी कमेटियों का गठन किया गया, जो नशा तस्करों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं को जागरूक करने तथा नशा पीड़ितों को उपचार के लिए प्रेरित करेंगी। महापंचायत में पहुंचे डीएसपी योगेश कटारिया ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब समाज और पुलिस मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से निडर होकर नशा तस्करों और उनके ठिकानों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
डीएसपी ने कहा कि आमजन मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 तथा नजदीकी थाना या पुलिस चौकी के माध्यम से नशा तस्करी संबंधी सूचना दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि डबवाली पुलिस की नशा मुक्ति टीम गांव-गांव डोर-टू-डोर अभियान चलाकर नशा प्रभावित लोगों को उपचार और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ रही है। महापंचायत के अंत में ग्रामीणों ने नशे को जड़ से समाप्त करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में थाना सदर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी गोरीवाला एएसआई जगपाल सिंह, सरपंच प्रतिनिधि जयपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा मौजूद रहे।
बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़: नशे की लत पूरी करने के लिए देते थे वारदातों को अंजाम
सरसा। पुलिस ने विशेष अभियान के तहत बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल और तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई हैं। डीएसपी मुख्यालय सुखबीर सिंह ने बताया कि गऊशाला मोहल्ला निवासी प्रमोद कुमार की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने अपनी बाइक पुरानी कचहरी रोड स्थित कोर्ट कॉलोनी के पास खड़ी की थी, जो बाद में चोरी हो गई। जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एबीवीटी स्टाफ की टीम ने रानियां निवासी गौरव और गांव झोरड़नाली निवासी जुगल किशोर को मिनी बाइपास क्षेत्र के नजदीक रेलवे फाटक से चोरीशुदा बाइक सहित काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने सिरसा शहर, रानियां और नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में बाइक चोरी की कई वारदातें कबूल कीं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पांच चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वहीं एबीवीटी स्टाफ की दूसरी टीम ने स्कूटी चोरी के मामले में एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से तीन चोरीशुदा इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है।