सब्जी मंडी में अवैध रेहड़ी हटाने के लिए चला प्रशासन का बुलडोजर

Published On

सफीदों (सच कहूँ/देविन्द्र कुमार)। Safidon News: शहर की सब्जी मंडी में लंबे समय से फुटपाथों और सड़कों पर अवैध रुप से कब्जा कर रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के खिलाफ सोमवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। मार्केट कमेटी और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध कब्जे हटाए तथा कई रेहड़ी-फड़ी संचालकों का सामान जब्त किया।

मार्केट कमेटी के सचिव मनोज कुमार के नेतृत्व में तहसीलदार एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार भारी पुलिस बल और जेसीबी के साथ सब्जी मंडी पहुंचे। कार्रवाई से पहले रेहड़ी-फड़ी संचालकों को करीब आधे घंटे के भीतर अपना सामान हटाने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय पूरा होने के बाद टीम ने अवैध ढांचे और पक्के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया तथा सामान जब्त कर लिया।

मार्केट कमेटी सचिव मनोज कुमार ने बताया कि मंडी में अवैध कब्जों के कारण आम लोगों और व्यापारियों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि करीब 30 से 35 रेहड़ी-फड़ी संचालकों को चार-पांच बार नोटिस जारी किए गए थे। शनिवार को मुनादी कराकर अंतिम चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके चलते सोमवार को अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति मंडी परिसर में अवैध रुप से रेहड़ी या फड़ी लगाता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ जुमार्ना भी लगाया जाएगा। अभियान के दौरान नगर पालिका सचिव आशीष कुमार, मार्केट कमेटी चेयरमैन चंद्र सैनी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Safidon News
Safidon News: सब्जी मंडी में अवैध रेहड़ी-फड़ी हटाने के अभियान के दौरान जेसीबी और पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते मार्केट कमेटी के अधिकारी।

About The Author

Related Posts