Punjab
अप्रैंटशिप युवाओं को पुलिस ने भगा - भगाकर पीटा
पावरकॉम के मुख्य कार्यालय के सामने धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की जबरदस्त कार्रवाई
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: पॉवरकॉम के मुख्य कार्यालय के सामने 2600 अप्रैंटशिप यूनियन के युवाओं पर पुलिस ने शुक्रवार जमकर लाठियां बबरसाई। इस लाठीचार्ज के दौरान कई युवाओं को चोटें लगीं और वे डंडों से बचने के लिए इधर-उधर भागते समय सड़क पर गिरते रहे। आलम यह रहा कि डीएसपी ने खुद युवाओं पर डंडा चलाया। वहीं पुलिस द्वारा किए गए इस लाठीचार्ज ने विभिन्न संगठनों ने निंदा की है।
जानकारी के अनुसार, 2600 अप्रैंटशिप युवाओं ने अपनी भर्ती की मांग को लेकर पॉवरकॉम के मुख्य कार्यालय के सामने धरना दिया था। इन युवाओं ने पावरकॉम के मुख्य गेट की तरफ दूसरे गेट को बंद करके धरना शुरू किया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इनका कहना था कि पॉवरकॉम प्रबंधन उनकी भर्ती को लेकर समय टाल रहा है और बैठकों में कोई ठोस जवाब नहीं दिया जा रहा। इस दौरान पुलिस ने युवाओं से अपना धरना उठाने को कहा, लेकिन अप्रैंटशिप युवा अड़े रहे। डीएसपी संजीव सिंगला ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन जब यह संभव नहीं हुआ तो पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
इस दौरान युवाओं को डंडों से पीटा गया और पुलिस ने जबरन धरना समाप्त कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भगा-भगा कर पावरकॉम कार्यालय से दूर कर दिया। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह व फतेह सिंह ने कहा कि पुलिस ने उन पर आज जबरदस्ती की, जबकि उन्होंने कोई रास्ता नहीं रोका था। उनका कहना था कि पुलिस उन्हें धरने से उठाकर उनकी माँगों को खत्म करना चाहती है। नेताओं ने कहा कि दर्जनों युवाओं के हाथ और पैर पर चोटें आर्इं और कई युवाओं को बुरी तरह पीटा गया। दर्जनों से अधिक युवाओं को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।
