मीरापुर क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, खेड़ी सराय में लगाया गया पिंजरा

Published On

मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur: क्षेत्र के कई गांवों में पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों द्वारा लगातार वन विभाग को सूचना दिए जाने पर विभाग की टीम सक्रिय हो गई है और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। पहले ग्राम कुतुबपुर नयागांव में निरीक्षण करने के बाद अब ग्राम खेड़ी सराय में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है।

वन विभाग की टीम में वन दरोगा दीपक चैधरी, विवेक मलिक, लताफत और रईस ने ग्राम खेड़ी सराय पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से तेंदुए के देखे जाने वाले स्थानों की जानकारी ली तथा उसके संभावित आवागमन वाले क्षेत्रों का भी जायजा लिया। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर गांव के बाहरी हिस्से में पिंजरा स्थापित किया गया। वन कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से ग्रामीण लगातार तेंदुआ दिखाई देने की सूचना दे रहे थे। बरसात के मौसम में अक्सर वन्य जीव अपने प्राकृतिक आवास से भटककर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। मौसम सामान्य होने पर वे अधिकांश मामलों में स्वयं जंगल की ओर लौट जाते हैं, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए वन विभाग पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रहा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले खेतों या सुनसान स्थानों पर न जाएं। बच्चों को अकेले बाहर न भेजें तथा पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें। यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो उसे पकड़ने या घेरने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या स्थानीय पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Mirapur

About The Author

Related Posts