गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय की मौत, विरोध में हाईवे जाम
खेड़की दौला टोल के पास डंपर ने बाइक को मारी टक्कर
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर खेड़की दौला टोल प्लाजा के निकट गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक डिलीवरी बॉय की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मी सड़क पर उतर आए और हाईवे जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात और होम डिलीवरी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का निवासी था। वह पिछले दो वर्षों से गुरुग्राम में किराये पर रहकर एक निजी क्विक-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य कर रहा था। गुरुवार सुबह वह डिलीवरी के लिए निकला था, तभी खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गया और डंपर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में डिलीवरी बॉय मौके पर पहुंच गए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एम्बुलेंस और पुलिस के पहुंचने में देरी हुई, जिससे उनका आक्रोश बढ़ गया। गुस्साए डिलीवरी कर्मियों ने शव को उठाने से इनकार कर दिया और एनएच-48 पर जाम लगा दिया। इस दौरान एम्बुलेंस कर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। लगभग तीन घंटे बाद पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम के सिविल अस्पताल भेजा गया।
तीन घंटे ठप रही डिलीवरी सेवा
विरोध प्रदर्शन के कारण मानेसर की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब चार किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान गुरुग्राम में विभिन्न आॅनलाइन कंपनियों की होम डिलीवरी सेवाएं भी लगभग तीन घंटे तक प्रभावित रहीं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खेड़की दौला थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी कर्मियों को समझाकर शांत कराया गया और यातायात को सामान्य कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। उसके खिलाफ लापरवाही से मौत और हिट एंड रन की धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
3.jpg)