Uttarakhand Monsoon Alert: मानसून अलर्ट के बीच केदारनाथ यात्रा सुरक्षा मानकों के साथ प्रशासन सतर्क
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, खराब मौसम में हेली सेवाएं तत्काल होंगी बंद
Kedarnath Weather Update: रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है, लेकिन मानसून की दस्तक और लगातार जारी मौसम संबंधी अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रा मार्ग से लेकर हेली सेवाओं तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। मौसम विभाग से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। Uttarakhand Monsoon Alert
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मानसून सीजन को देखते हुए केदारनाथ धाम यात्रा के संचालन में सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया गया है। सभी हेली सेवा प्रदाताओं को डीजीसीए की गाइडलाइनों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि विजिबिलिटी कम होती है, भारी बारिश होती है या मौसम उड़ान के लिए अनुकूल नहीं रहता है, तो तत्काल प्रभाव से हेली सेवाओं का संचालन रोक दिया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम संबंधी प्रत्येक अलर्ट की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। अब तक लगभग 12 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं और यात्रा व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ रही है। खराब मौसम के दौरान हेली सेवाओं की मॉनिटरिंग बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसे में सभी हेली ऑपरेटर्स को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मानसून के दौरान जरा सी भी विजिबिलिटी कम होने या अत्यधिक बारिश की स्थिति में उड़ान संचालन से बचें। Uttarakhand Monsoon Alert
उन्होंने दावा किया कि आपदा नियंत्रण कक्ष, सेक्टर अधिकारी, नोडल अधिकारी, आपदा प्रबंधन विभाग और मौसम विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम विभाग से प्राप्त अलर्ट के आधार पर ही यात्रा और हेली सेवाओं के संचालन से जुड़े फैसले लिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के चलते कई बार यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है और हेली टिकट भी रद्द करने पड़ते हैं, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। रेड अलर्ट या अत्यधिक खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाता है और मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा को पुनः शुरू किया जाता है।
जिलाधिकारी ने आगे कहा कि जनपद के भीतर और बाहर स्थापित चारधाम यात्रा कंट्रोल रूमों के माध्यम से लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। श्रीनगर सहित विभिन्न पड़ावों पर यात्रियों को समय रहते मौसम और यात्रा संबंधी अलर्ट दिए जाते हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें सुरक्षित रखा जा सके। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ही केदारनाथ धाम यात्रा का संचालन किया जा रहा है और प्रशासन की सतर्कता एवं बेहतर समन्वय के चलते यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है। Uttarakhand Monsoon Alert