CM Nayab Saini Sirsa Visit: सरसा में प्रशासन अलर्ट, शहर को चमकाने में जुटे अधिकारी, जानें क्यों?
सीएम के दौरे से पहले तैयारियां तेज, पुरानी घोषणाओं की भी हो रही समीक्षा
CM Nayab Saini Sirsa Visit: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित सरसा दौरे से पहले प्रशासनिक अमले में हलचल तेज हो गई है। जिला प्रशासन शहर की सूरत संवारने से लेकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। मुख्यमंत्री पहली बार सरसा में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने आ रहे हैं। Sirsa News
ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। लंबे समय से जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक नहीं होने के कारण लंबित मामलों और विकास कार्यों को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई थी। अब मुख्यमंत्री स्वयं समिति की कमान संभाल रहे हैं, जिससे जिले में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री अपने पिछले सरसा दौरे के दौरान हर माह जिले का दौरा करने की बात भी कह चुके हैं। दौरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर की प्रमुख सड़कों, सरकारी भवनों और कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, लाइटिंग, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन बरनाला रोड को डस्ट फ्री बनाने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले अधिकारी पिछली घोषणाओं और लंबित विकास कार्यों की समीक्षा में भी जुटे हैं। विभागों से प्रगति रिपोर्ट मांगी गई हैं ताकि बैठक के दौरान विकास कार्यों की स्थिति स्पष्ट रूप से रखी जा सके। कष्ट निवारण समिति की बैठक में जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ जिले के लिए नई विकास परियोजनाओं की भी घोषणा हो सकती है। Sirsa News
दूसरे दिन भी साइकिल पर निकले नगरायुक्त,व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सरसा(सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल लगातार दूसरे दिन भी साइकिल पर निरीक्षण के लिए निकले। सुबह करीब 6 बजे उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों के साथ वार्ड 20 और 21 के विभिन्न बाजारों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने वार्ड 21 स्थित घंटाघर चौक की जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों की समस्या उठाई।
उन्होंने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल पैचवर्क करवाकर गड्ढे भरने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने घंटाघर चौक और आसपास के बाजारों में सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। कई स्थानों पर कूड़ा जमा मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि घंटाघर चौक, नोहरिया बाजार और आसपास के क्षेत्रों में शाम के समय कूड़ा उठाने के लिए अतिरिक्त वाहन लगाए जाएं ताकि बाजारों में गंदगी की समस्या न रहे। निरीक्षण के दौरान बरनाला रोड, बस स्टैंड रोड, हिसार रोड, हिसारिया बाजार, शहीद भगत सिंह चौक, चांदनी चौक बाजार और नोहरिया बाजार का भी दौरा किया गया। नगर आयुक्त ने दुकानदारों से गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा कचरे का सही तरीके से निस्तारण करने की अपील की। Sirsa News