Teeth Health Tips: समय पर बदलें टूथब्रश, वरना बढ़ सकता है संक्रमण और दांतों की बीमारियों का खतरा

Teeth Health Tips: विशेषज्ञों की सलाह, हर 3 से 4 महीने में बदलें टूथब्रश, सॉफ्ट ब्रिसल्स वाला ब्रश है बेहतर विकल्प

Published On

Teeth Health Tips:  सुबह उठते ही दांत साफ करना ज्यादातर लोगों की दिनचर्या का अहम हिस्सा होता है। पहले जहां लोग नीम या बबूल की दातुन का इस्तेमाल करते थे, वहीं आज लगभग हर घर में टूथब्रश का उपयोग किया जाता है। हालांकि, अधिकांश लोग इस बात पर ध्यान नहीं देते कि उनके टूथब्रश को कब बदलना चाहिए। कई बार लोग एक ही ब्रश का इस्तेमाल तब तक करते रहते हैं, जब तक उसके रेशे पूरी तरह खराब नहीं हो जाते।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, टूथब्रश को हर 12 से 16 सप्ताह यानी लगभग 3 से 4 महीने में बदल देना चाहिए। चाहे ब्रश कितना भी महंगा या अच्छी गुणवत्ता वाला क्यों न हो, एक निश्चित समय के बाद उसके रेशे दांतों की प्रभावी सफाई करने की क्षमता खोने लगते हैं। यदि ब्रश के रेशे समय से पहले फैल जाएं या मुड़ जाएं, तो उसे तुरंत बदल देना चाहिए।

विशेषज्ञों का कहना है कि हमारे मुंह में लाखों बैक्टीरिया और सूक्ष्मजीव मौजूद रहते हैं। नियमित ब्रशिंग से ये बैक्टीरिया और भोजन के कण साफ हो जाते हैं, लेकिन पुराना टूथब्रश दांतों की सही तरीके से सफाई नहीं कर पाता। इससे दांतों के बीच गंदगी जमा होने लगती है और बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं, जिससे संक्रमण और दांतों से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

डॉक्टरों के मुताबिक, बहुत ज्यादा कठोर (हार्ड) ब्रश का इस्तेमाल मसूड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं अत्यधिक मुलायम ब्रश भी हर व्यक्ति के लिए उपयुक्त नहीं होता। आमतौर पर विशेषज्ञ सॉफ्ट ब्रिसल्स वाले टूथब्रश की सलाह देते हैं, क्योंकि यह दांतों की बेहतर सफाई करता है और मसूड़ों को भी सुरक्षित रखता है।

यदि ब्रश करते समय मसूड़ों में दर्द महसूस हो, ब्रश चुभने लगे या उसके रेशे खराब दिखाई दें, तो बिना देर किए नया टूथब्रश इस्तेमाल करना चाहिए। समय पर टूथब्रश बदलना न केवल दांतों को स्वस्थ रखता है, बल्कि कई तरह के संक्रमणों से भी बचाव करता है।

About The Author

Related Posts