रक्तकोष फाउंडेशन ने किया रक्तवीरों का सम्मान
8 वर्षों में 2,500 शिविर, 1.75 लाख यूनिट रक्त संग्रहण- सेवा का गौरवशाली इतिहास
जयपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तकोष फाउंडेशन के राज्य स्तरीय रक्तदान अधिवेशन एवं सम्मान समारोह-2026 आयोजन हुआ। जयपुर के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (कोइरा) ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में 30 जिलों से आए सैकड़ों रक्तवीरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण वह रहा जब जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन कुमार मित्तल ने स्वयं रक्तदान कर उपस्थित लोगों को सामाजिक दायित्व निभाने का संदेश दिया। वहीं रक्तकोष फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने रक्तदान कर सेवा और समर्पण का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन कुमार मित्तल ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का पवित्र माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और यह केवल इंसान से इंसान तक ही पहुंच सकता है। ऐसे में नियमित रक्तदान मानवता के प्रति हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने रक्तकोष फाउंडेशन द्वारा वर्षों से किए जा रहे जनजागरूकता और रक्तदान प्रोत्साहन के प्रयासों को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
‘कोई जीवन रक्त के अभाव में न खोए’
रक्तकोष फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने युवाओं से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान कर इस जीवनदायी मिशन से जुड़ने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल बिश्नोई
ने जानकारी दी कि फाउंडेशन का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रक्त के अभाव में किसी भी व्यक्ति की जान न जाए। हजारों स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं के सहयोग से यह अभियान आज प्रदेश का एक सशक्त सामाजिक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष में रक्तकोष फाउंडेशन का विस्तार प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर तक किया जाएगा, ताकि रक्तदान की संस्कृति को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।
8 वर्षों में 2,500 शिविर, 1.75 लाख यूनिट रक्त संग्रहण- सेवा का गौरवशाली इतिहास
समारोह के दौरान ‘रक्तकोष फाउंडेशन विवरणिका-2026’ का विमोचन किया गया। विवरणिका में फाउंडेशन की स्थापना से लेकर उसकी उपलब्धियों का विस्तृत विवरण संकलित है। पिछले आठ वर्षों में फाउंडेशन द्वारा आयोजित 2,500 से अधिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से 1 लाख 75 हजार यूनिट रक्त संग्रहण का उल्लेख संस्था की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कला, साहित्य और सामाजिक चेतना के माध्यम से रक्तदान का संदेश
रक्तदान जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रक्तकोष फाउंडेशन, कला चर्चा ट्रस्ट एवं राजस्थान ललित कला अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कला शिविर की उत्कृष्ट कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इन कलाकृतियों ने रक्तदान के महत्व को संवेदनशील और रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की।
श्रेष्ठ जिलों और रक्तवीरों का हुआ सम्मान
संस्थागत श्रेणी में राज्य स्तरीय रक्तदान जिला सम्मान-2025 के लिए बाड़मेर को प्रथम, श्रीगंगानगर को द्वितीय और जोधपुर को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। वहीं वर्ष 2026 में झालावाड़ प्रथम, जोधपुर द्वितीय और नागौर तृतीय स्थान पर रहा। व्यक्तिगत श्रेणी में प्रतिष्ठित ‘कार्ल लैंडस्टाइनर रक्तदान अवार्ड’ वर्ष 2025 के लिए साजिद अली (बारां) तथा वर्ष 2026 के लिए कैलाश मेघवाल (जोधपुर) को प्रदान किया गया।
कला शिविर-2026 में आयुष संतोष तिवारी (मुंबई) प्रथम, सुषमा सिंह (जयपुर) द्वितीय तथा पायल (जयपुर) तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं ‘मेरा पहला रक्तदान’ लघुकथा प्रतियोगिता में धर्म राजस्थानी (कोटा), गोविंद सुमन (बारां) और मोनिका यादव (अलवर) को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता को समर्पित ‘हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं’ अभियान में बाड़मेर, बीकानेर और चूरू जिलों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।