पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगाने से दो आरोपी घायल
बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर दिया था लूट की वारदात को अंजाम
अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। Ambala Crime News: बराड़ा रेलवे पुल के पास बुधवार रात पुलिस और सीआईए नारायणगढ़ की संयुक्त टीम के एसआई रामकरण और एसआई कपिल भान ने एक साहसिक कार्रवाई में दो कथित बदमाशों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस बल पर फायरिंग का प्रयास किया, जिसके जवाब में हुई गोलीबारी में दोनों बदमाशों के पैरों में गोलियां लगी। पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश के 28 वर्षीय उधम सिंह निवासी सहारणपुर और 19 वर्षीय रितिक निवासी जिला मुरादाबार यूपी हैं। इन दोनों ने बीती 28 मई को एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर आभूषणों की सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया था।
डीएसपी सुरेश कौशिक ने सनसनीखेज खुलासा किया कि इस पूरी वारदात का ताना-बाना उत्तर प्रदेश की सहारनपुर जेल की सलाखों के पीछे बुना गया था। पुलिस के मुताबिक, मास्टरमाइंड दिलीप सिंह पूर्व में बराड़ा में किरायेदार था, जिसने जेल में बंद रितिक और उधम सिंह के साथ मिलकर इस डकैती की योजना बनाई थी। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने बकायदा पंजाबी भेष धारण किया और बुजुर्ग विद्या देवी पर हमला कर सोने की बालियां छीन लीं थीं। पुलिस के अनुसार 3 जून की देर रात सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी आरोपी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अनाज मंडी मोड़ के पास नाकाबंदी शुरू की।
जवाबी कार्रवाई में दबोचे आरोपी
बस स्टैंड की तरफ से आती एक मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन सवारों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर फ्लाईओवर के नीचे आरोपियों की मोटरसाइकिल फिसल गई। आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर दिए। पुलिस का दावा है कि आत्मरक्षा और आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस टीम की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें दोनों आरोपी घायल होकर गिर गए। मामले में डीएसपी सुरेश कौशिक ने बताया कि दो हमलावर काबू आ चुके हैं और मुख्य सूत्रधार दिलीप की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।