Malviya Nagar Fire Accident: परिवार के पांचों सदस्यों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
दिल्ली के मालवीय नगर के होटल में लगी आग में जलकर हुई थी मौत
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Malviya Nagar Fire Accident: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश स्टे में लगी आग में जिंदा जले गुरुग्राम के अग्रवाल परिवार के पांचों सदस्यों का वीरवार को सेक्टर-32 श्मशान घाट में नम आंखों के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक साथ परिवार के पांच सदस्यों की मौत सेक्टर-46 से लेकर पूरे गुरुग्राम में शोक की लहर है।
हादसे में जान गंवाने वाले सीए विवेक अग्रवाल को उनके चचेरे भाई, पत्नी तर्जनी अग्रवाल को भाई, मां प्रेमलता अग्रवाल को देवर, और दोनों बेटियों जीविशा और वारिया को चचेरे भाइयों ने मुखाग्नि दी। पांचों परिजन मंगलवार को बीमार पिता राधेश्याम अग्रवाल को देखने दिल्ली पहुंचे थे। साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती पिता का हाल जानने के बाद परिवार मालवीय नगर के होटल फ्लोरिश में ठहरा था।
मंगलवार सुबह ब्रेकफास्ट के समय होटल में लगी भीषण आग में सभी झुलस गए। आग में फंसे विवेक अग्रवाल को परिवार को बचाने का जब कोई रास्ता नहीं मिला तो उन्होंने अपने मामा के बेटे को रोते हुए फोन करके कहा था कि-हम चारों तरफ से भीषण आग में फंस गए हैं, दम घुट रहा है। हमारी बेटियों को कैसे भी करके बचा लो। इसके चंद सेकेंड में ही पूरा परिवार आग की भेंट चढ़ गया। दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम के बाद वीरवार को शव गुरुग्राम के सेक्टर-46 स्थित विवेक अग्रवाल के आवास पर लाए गए। करीब सवा तीन बजे पांचों शवों को अंतिम संस्कार के लिए सेक्टर-32 श्मशान घाट ले जाया गया। नम आंखों से परिवार को रिश्तेदारों ने विदाई दी।
मिसेज इंडिया रह चुकी थीं तर्जनी अग्रवाल
आग हादसे में जान गंवाने वाले विवेक अग्रवाल एक निजी कंपनी में फाइनेंशियल हेड थे, जबकि उनकी पत्नी तर्जनी अग्रवाल इवेंट मैनेजर, समाजसेवी और मॉडल थीं। उन्होंने वर्ष 2023 में मिसेज इंडिया का खिताब जीता था। उनकी बड़ी बेटी जीविशा बेंगलुरु में बीटेक की छात्रा थी। हादसे के बाद सेक्टर-46 स्थित परिवार के घर में मातम पसरा है। वहीं विवेक के पिता राधेश्याम अग्रवाल दिल्ली के एक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं।
