Punjab

तेज आंधी में गिरी क्रेन, निर्माण साइट पर 3 मजदूरों की मौत

एनएचएआई ने बनाई जांच कमेटी, मुआवजे को लेकर नोटिस जारी

Sarvesh Kumar Picture
Published On

फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad News: फरीदाबाद को जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ने वाली निमार्णाधीन ग्रीन हाईवे परियोजना में वीरवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गांव पन्हेरा खुर्द के पास स्थित कैंप साइट पर तेज आंधी के दौरान एक विशाल गैंट्री क्रेन अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें तीन श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार हादसे के समय इलाके में तेज आंधी चल रही थी। इसी दौरान भारी-भरकम गैंट्री क्रेन अपना संतुलन खो बैठी और करीब 200 मीटर तक घिसटने के बाद जमीन पर गिर गई। घटना का वीडियो भी सामने आया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और निर्माण स्थल पर काम कर रहे अन्य श्रमिकों में दहशत फैल गई। श्रम विभाग के अनुसार हादसे में पंजाब निवासी सतकार सिंह, पश्चिम बंगाल निवासी जयदेव कुमार और मनीष की मौत हो गई। वहीं पश्चिम बंगाल निवासी मानिक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।  करीब 9 घंटे तक चले रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद तीनों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। डीसी आयुष सिन्हा ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। प्राथमिक स्तर पर घटना की एक रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी गई है। 

एनएचएआई ने गठित की जांच समिति

हादसे को गंभीरता से लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दो वरिष्ठ अधिकारियों की जांच समिति गठित की है। यह समिति यह जांच करेगी कि हादसा तकनीकी लापरवाही का परिणाम था या तेज हवाओं के कारण क्रेन असंतुलित होकर गिरी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

श्रम विभाग ने जारी किया नोटिस

सहायक श्रम आयुक्त ने कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम, 1923 की धारा 10-ए के तहत एनएचएआई और निर्माण कंपनी को नोटिस जारी किया है। इसमें मृतकों और घायल श्रमिक के विवरण के साथ-साथ उन्हें दिए जाने वाले मुआवजे की पूरी जानकारी मांगी गई है। विभाग ने मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।

Faridabad News

About The Author

Related Posts