मुख्यमंत्री भगवंत मान पाँच मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से करेंगे मुलाकात

सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में शामिल होने के बाद मांगा गया था मिलने का समय

Sarvesh Kumar Picture
Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 5 मई को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति कार्यालय ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को मिलने के लिए समय दिया है, जिसकी पुष्टि खुद मुख्यमंत्री ने की है। यह मुलाकात दिल्ली में दोपहर 12 बजे होगी, और इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ कौन-कौन शामिल होगा, इस बारे में उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी है।

भगवंत मान ने स्पष्ट किया है कि वह सात राज्यसभा सदस्यों के मामले में मिलने जा रहे हैं और उनकी सदस्यता को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से बातचीत करेंगे।

यहाँ उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सदस्यों में से सात ने पार्टी को अलविदा कहते हुए भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) का समर्थन करने का ऐलान किया था और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। इस मामले को लेकर राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सातों सासदों के भाजपा में विलय को मान्यता दे दी थी। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी ने यह मांग की थी कि दल-बदलू कानून के तहत इन सात राज्यसभा सदस्यों की सदस्यता तुरंत रद्द की जाए, क्योंकि इन्होंने न केवल पार्टी के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है, बल्कि संविधान का भी उल्लंघन किया है। इस लिए इन पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर 5 मई को मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।

विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश कर सकते हैं भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब सरकार को पूर्ण विश्वास है और किसी भी तरह से उनका विश्वास नहीं टूटा है। कुछ विरोधी दलों द्वारा झूठे दावे किए जा रहे हैं कि उनके संपर्क में 20-25 विधायक हैं, जबकि असल में ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर विधानसभा में विश्वास साबित करने की जरूरत पड़ी, तो विश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए सभी को दिखा दिया जाएगा।

About The Author

Related Posts