पटियाला की 105 टॉपर छात्राएं सम्मानित 

‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ के तहत स्कूल शिक्षा विभाग ने उठाया कदम

Sarvesh Kumar Picture
Published On

पांचवीं की परीक्षा में 21 छात्राओं ने 500 में से 500 अंक किए हासिल 

पटियाला (सच कहॅँ/नरेन्द्र सिंह बठोई)। Patiala News: ‘बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ’ मुहिम के तहत जिला प्रशासन पटियाला के सहयोग से स्कूल शिक्षा विभाग (एलीमेंट्री शिक्षा) पटियाला ने जिला शिक्षा अधिकारी (एली. सि.) शालू मेहरा के नेतृत्व में एक नई पहल की शुरूआत करते हुए जिले भर में अच्छे अंक हासिल करने वाली 105 टॉपर छात्राओं को सम्मानित किया है। जिले भर के सरकारी प्राइमरी स्कूलों से सत्र 2025-26 के दौरान पांचवीं कक्षा की परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने वाली 105 छात्राओं का सम्मान समारोह पीएम श्री सरकारी को-एड मल्टीपर्पज सीनियर सैकेंडरी स्मार्ट स्कूल पासी रोड पटियाला में आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उप जिला शिक्षा अधिकारी (एली. सि.) पटियाला मनविन्द्र कौर भुल्लर और विशिष्ट अतिथि के रूप में मल्टीपर्पज स्कूल की प्रिंसिपल विजय कपूर ने शिरकत की। 

उप जिला शिक्षा अधिकारी मनविन्द्र कौर भुल्लर ने कहा कि जिले भर की 105 छात्राओं द्वारा प्राप्त किए गए शानदार अंकों ने न केवल अपने आप में गौरव की बात साबित की है, बल्कि 21 छात्राएं ऐसी हैं, जिन्होंने 500 में से 500 अंक प्राप्त करके एक अलग मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि इतने शानदार अंक प्राप्त करके इन बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि आज के दौर में बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। इस मौके पर जिला रिसोर्स कोआॅर्डिनेटर राजवंत सिंह, सरकारी प्राइमरी स्कूल छोटा अराई माजरा के एचटी रविन्द्र सिंह, सरकारी प्राइमरी स्कूल कपूर के एचटी जगजीत सिंह वालिया और मीडिया कोआॅर्डिनेटर सुखजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और उनके माता-पिता भी मौजूद थे।

सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर हुआ ऊंचा: कपूर 

मल्टीपर्पज स्कूल की प्रिंसिपल विजय कपूर ने कहा कि पांचवीं कक्षा के परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बहुत ऊंचा हो गया है। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिल करवाना चाहिए। अंत में माता-पिता ने भी अपनी छोटी बेटियों का सम्मान होने पर गर्व महसूस करते हुए जिला प्रशासन और जिला शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों का धन्यवाद किया। 

About The Author

Related Posts