विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए 3,309 करोड़ रुपये: सीएम सैनी
- परिवार पहचान पत्र डेटाबेस के आधार पर पात्रता स्वयं निर्धारित होती है
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत बटन दबाकर एक क्लिक से करीब 1884 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी। मुख्यमंत्री ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की डबल इंजन सरकार प्रदेश के किसान, महिला, युवा एवं गरीब समेत हर वर्ग को सशक्त करने के लिए कदम उठा रही है। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित थे। Haryana News
नायब सिंह सैनी ने बताया कि बीते कल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में महिलाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं के 1357 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खाते में स्थानांतरित की थी, आज 1884 करोड़ रुपए की राशि भेजी गई है। उन्होंने बताया कि आज सेवा विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 842 करोड़ 92 लाख रुपये की राशि सीधे 26 लाख 12 हजार लाभार्थियों के खातों में डाली गई है। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता और दिव्यांगजन भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं।
आढ़तियों का कमिशन भी जारी | Haryana News
नायब सिंह सैनी ने बताया कि आढ़तियों को राज्य सरकार द्वारा दिया जाने वाला अतिरिक्त कमीशन भी आज लाभार्थियों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा केंद्रीय भंडारण हेतु खरीदे जाने वाले खाद्यान्नों पर आढ़तियों को गेहूं पर 46 रुपये प्रति क्विंटल, धान पर 45 रुपये 88 पैसे तथा बाजरा पर 11 रुपये 75 पैसे प्रति क्विंटल की दर से कमीशन प्रदान किया जाता है। इस निर्धारित दर के अनुसार खरीफ खरीद सत्र 2025-26 के दौरान आढ़तियों को कुल लगभग 239 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है।
इसके अलावा राज्य सरकार ने प्रदेश के आढ़तियों के हितों को ध्यान में रखते हुए रबी खरीफ सत्र 2024-25 से गेहूं, धान और बाजरा पर आढ़तियों को 55 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कमीशन देने का निर्णय लिया था। इसी निर्णय के अनुसार आज धान और बाजरा पर केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित कमीशन के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से शेष राशि का भुगतान किया गया है। आज प्रदेश के 11 हजार 199 आढ़तियों को कुल 56 करोड़ 97 लाख रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डाली गई है।
दयालु योजना के 205.42 करोड़ रुपए 5409 लाभार्थियों को ट्रांसफर | Haryana News
मुख्यमंत्री ने बताया कि दयालु योजना के तहत 5409 लाभार्थियों को 205.42 करोड़ तथा “आवास सभी के लिए” योजना के तहत 12353 परिवारों को 67 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करते हुए ‘प्रो-एक्टिव मॉडल’ को अपनाया है। इसके तहत परिवार पहचान पत्र डेटाबेस के आधार पर पात्रता स्वयं निर्धारित होती है और पात्र नागरिकों को बिना दफ्तरों के चक्कर काटे, बिना आवेदन किए घर बैठे ही भत्ते का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किया जा रहा यह भुगतान राज्य सरकार की पारदर्शिता और सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि राज्य की सहायता हर जरूरतमंद तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
एक आंख वाला गन्ना-बीज बिजाई के लिए किया जा रहा प्रोत्साहित
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश में गन्ना का उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को एक आँख वाला गन्ना-बीज लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, इसके लिए किसानों को सब्सिडी भी प्रदान की जाती है। कृषि मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी। उन्होंने बताया कि गन्ना उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को एक आँख का गन्ना लगाने की विधि अपनाने पर प्रति एकड़ 3,000 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाती है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के इस बजट में, सरकार ने प्रोत्साहन राशि को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रति एकड़ किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों को गन्ना के लिए स्वस्थ और रोग-मुक्त बीज उपलब्ध कराए जाते हैं, जिसके लिए प्रति एकड़ 5,000 रुपये की सब्सिडी दी जाती है।
जल्द बढ़ेगी सफाई कर्मचारियों की संख्या
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की नियुक्तियां वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के अनुसार गाँवों की जनसंख्या के आधार पर की गई थी। अब 2021 की जनगणना का कार्य आरम्भ हो चुका है जैसे ही जनगणना की रिपोर्ट आएगी सफाई कर्मचारियों की संख्या गाँवों की आबादी के अनुसार बढ़ाई जाएगी। कृष्ण लाल पंवार विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान शून्य काल में विधायक बलवंत सिंह दौलतपुरिया द्वारा उठाये गए एक मुद्दे पर सदन में बोल रहे थे।
1 लाख 67 हजार 460 किसानों के बैंक खातों में 711 करोड़ ट्रांसफर | Haryana News
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2025 फसलों के लिए किसानों को बीमा क्लेम वितरित किये गए हैं। उन्होंने बताया कि आज 1 लाख 67 हजार 460 किसानों के बैंक खातों में 711 करोड़ 69 लाख रुपये की बीमा राशि वितरित की गई है। इसे मिलाकर प्रदेश में पिछले 11 सालों में किसानों को फसल के मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। जबकि पूर्व की कांग्रेस सरकार के 10 साल के शासनकाल में केवल 1 हजार 138 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की गई थी। यही नहीं, कांग्रेस सरकार तो किसानों की 269 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि बकाया छोड़कर चली गई थी। इसे वर्तमान सरकार ने वर्ष 2014 में जनसेवा का दायित्व संभालने के बाद जारी किया।
विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए 3,309 करोड़ रुपये: सीएम सैनी
- 602 गौशालाओं को 68 करोड़ रुपये, 35 लाख महिलाओं को 1,357 करोड़ रुपये और सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य योजनाओं के तहत 1,884 करोड़ रुपये जारी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अपने हर संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन ‘विकसित भारत’ का विजन है और उसी दिशा में हरियाणा सरकार भी निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री आज विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता का ही उदाहरण है कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जारी की गई है। उन्होंने बताया कि 3 मार्च 2026 को हरियाणा प्रदेश की 602 गौशालाओं को 68 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई।
उन्होंने सदन को अवगत करवाया कि 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा 35 लाख महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत 1,357 करोड़ रुपये जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 मार्च 2026 को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ साथ अलग अलग स्कीम के तहत 1,884 करोड़ रुपये की राशि जारी की। इसमें वृद्धावस्था पेंशन, दयालु योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया है।
स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ का असामयिक निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति | Haryana News
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ तथा जिला जींद के सफीदों में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली 7 महिलाओं के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ ने देश की सेवा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अदम्य साहस और समर्पण का परिचय दिया। उनका असामयिक निधन पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में हुए हादसे में 7 महिलाओं की मृत्यु पर भी गहरा दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है, जिसने पूरे प्रदेश को शोकाकुल कर दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
सफीदों हादसे में पीड़ितों की आर्थिक मदद
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ ही समय के दौरान राज्य सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाणा प्रदेश के लाभार्थियों के खातों में कुल 3,309 करोड़ रुपये सीधे पहुंचाने का कार्य किया है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार की प्रतिबद्धता और जनकल्याण के प्रति समर्पण को दशार्ता है। मुख्यमंत्री ने सदन में यह भी घोषणा की कि हाल ही में जींद जिला के सफीदों में हुए हादसे की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे में जिनकी मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जबकि घायलों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
यह भी पढ़ें:– Muft Bus Safar: बजट में पीआरटीसी और रोडवेज को मिले सिर्फ 300-300 करोड़ रुपये















