Kalanwali Municipal Corporation Election: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। कालांवाली नगर पालिका में मंगलवार को वाइस चेयरमैन पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मार ली। वार्ड 10 से पार्षद सिकंदर बाहिया ने भाजपा प्रत्याशी हरमिन्द्र सिंह गिल (वार्ड 15) को हराकर जीत दर्ज की। मतगणना में सिकंदर बाहिया को 17 में से 13 वोट मिले, जबकि हरमिन्द्र सिंह गिल को 4 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने 9 मतों के अंतर से जीत हासिल की। चेयरमैन पद के बाद वाइस चेयरमैन चुनाव में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। नतीजे घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नगर में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया और विजयी जुलूस निकाला गया। चुनाव प्रक्रिया कालांवाली एसडीएम मोहित कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। Sirsa News
पहले से भारी था कांग्रेस का पलड़ा
नगर पालिका में वर्तमान में कांग्रेस के 11 पार्षद हैं और चेयरमैन भी कांग्रेस समर्थित हैं। कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला भी कांग्रेस से हैं, जबकि सरसा से सांसद कुमारी सैलजा का क्षेत्र में मजबूत जनाधार माना जाता है। भाजपा के पास 6 पार्षद हैं। हालांकि चुनाव से पहले क्रॉस वोटिंग को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन परिणाम कांग्रेस के पक्ष में गया। Sirsa News
चुनाव से पहले हुई रणनीतिक बैठक
चुनाव से पूर्व विधायक शीशपाल केहरवाला नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और चेयरमैन महेश झोरड़ के साथ वाइस चेयरमैन पद के प्रत्याशी को लेकर चर्चा की। वार्ड 10 के पार्षद सिकंदर बाहिया का नाम पहले से ही चर्चा में था, जिस पर अंतिम सहमति के बाद आधिकारिक घोषणा की गई। वाइस चेयरमैन चुनाव के नतीजों ने कालांवाली की स्थानीय राजनीति में कांग्रेस की स्थिति को और मजबूत कर दिया है। Sirsa News















