हमसे जुड़े

Follow us

13.4 C
Chandigarh
Tuesday, February 3, 2026
More

    Property Tax: प्रॉपर्टी टैक्स जमा न कराने पर निगम ने की गैस एजेंसी दफ्तर सहित 6 संपत्तियां सील

    Yamunanagar News
    Yamunanagar News: टैक्स जमा न कराने पर प्रॉपर्टी सील करते निगम कर्मी व जानकारी देते निगमायुक्त आयुष सिन्हा।

    निगम का 41.09 लाख रुपए प्रॉपर्टी टैक्स दबाए बैठे थे संपत्ति मालिक

    • सीलिंग से बचने के लिए 31 मार्च से पहले जमा कराए प्रॉपर्टी टैक्स
    • जगाधरी जोन के पांच व यमुनानगर के एक प्रॉपर्टी मालिक पर निगम ने की कार्रवाई

    यमुनानगर (सच कहूँ/लाजपतराय)। Property Tax News: प्रॉपर्टी टैक्स जमा न कराने पर नगर निगम की सख्ती जारी है। नगर निगम द्वारा जहां डेढ़ माह पहले 26 बकाएदारों की संपत्ति सील की थी, वहीं, अब फिर से टैक्स न देने पर निगम ने प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई शुरु कर दी है। प्रॉपर्टी टैक्स न देने पर निगम ने शुक्रवार देर शाम गैस एजेंसी दफ्तर समेत छह संपत्तियां सील कर दी। इन संपत्ति मालिकों पर निगम का 4109556 रुपए टैक्स बकाया था। इनमें पांच प्रॉपर्टी जगाधरी जोन व एक संपत्ति यमुनानगर जोन की है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर की गई। Yamunanagar News

    निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स जमा न कराने वालों की अब संपत्तियां सील की जाएगी। सीलिंग कार्रवाई से बचने के लिए संपत्ति मालिक 31 मार्च से पहले प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराए। 31 मार्च के बाद 18 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज से टैक्स वसूला जाएगा। प्रॉपर्टी टैक्स न देने पर संपत्ति सील की जाएगी। इसलिए सभी प्रॉपर्टी मालिक 31 मार्च से पहले टैक्स जमा कराए। टैक्स जमा करने के लिए 31 मार्च तक तीनों नगर निगम कार्यालय खुले रहेंगे।

    निगम ने जारी किए थे नोटिस | Yamunanagar News

    नगर निगम द्वारा कुछ दिन पहले एक लाख रुपए से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों को हरियाणा नगर निगम अधिनियम-1994 के तहत नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस मिलने पर कुछ प्रॉपर्टी मालिकों ने टैक्स जमा करा दिया था। जिन बकाएदारों ने अभी तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया, उनकी निगम द्वारा संपत्ति सील की जा रही है। संपत्तियां सील करने के लिए नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर यमुनानगर जोन में जेडटीओ अजय वालिया व जगाधरी जोन में जेडटीओ एवं कार्यालय अधीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीमें गठित की गई है। यमुनानगर जोन में जेडटीओ अजय वालिया, जितेंद्र मल्होत्रा आदि की टीम ने शिवपुरी में वीरेंद्र सिंह की प्रॉपर्टी सरस्वती गैस एजेंसी के दफ्तर को सील कर दिया।

    इसी तरह जगाधरी जोन में जेडटीओ प्रदीप कुमार, सहायक रघुबीर व अन्य की टीम ने बूड़िया गेट शर्मा टेंट हाउस के नजदीक शिवम गर्ग की मिक्स यूज प्रॉपर्टी, सत्संग विहार पार्ट एक में कमल कुमार की मिक्स यूज संपत्ति, जगाधरी- पांवटा मार्ग पर मटका चौक के नजदीक संजय कुमार की व्यावसायिक संपत्ति, मटका चौक के पास ही मीनू की व्यावसायिक संपत्ति व नाभ गांव स्थित नागेश की स्पेशल कैटागिरी प्रॉपर्टी को निगम ने सील किया। इन सभी बकाएदारों पर निगम का 41 लाख नौ हजार 556 रुपए प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। संपत्तियां सील करने के साथ ही निगम द्वारा उन पर चेतावनी नोटिस चस्पाया कि यदि नगर निगम की अनुमति के बिना सील से छेड़छाड़ की या इसे खोलने का प्रयास किया गया तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

    किस प्रॉपर्टी पर कितना टैक्स बकाया | Yamunanagar News

    • बकाएदार – स्थान – प्रॉपर्टी टैक्स
    • विरेंद्र कुमार – सरस्वती गैस एजेंसी, शिवपुरी – 555406
    • शिवम गर्ग – बूड़िया गेट – 628210
    • कमल कुमार – सत्संग विहार – 246438
    • संजय कुमार – नजदीक मटका चौक – 1010961
    • मीनू महेश्वर – नजदीक मटका चौक – 1010957
    • नागेश – नाभ – 657584

    आज और कल भी खुलेंगे निगम कार्यालय: सिन्हा

    नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स के जिन बकाएदारों को नोटिस जारी किए है, उन सभी की प्रॉपर्टी सील की जाएगी। सीलिंग कार्रवाई से बचने के लिए प्रॉपर्टी मालिक अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराए। 31 मार्च के बाद 18 प्रतिशत ब्याज समेत प्रॉपर्टी टैक्स लिया जाएगा। अतिरिक्त टैक्स और सीलिंग कार्रवाई से बचने के लिए 31 मार्च से पहले टैक्स जमा कराए। टैक्स जमा करने के लिए रविवार और 31 मार्च यानी सोमवार को भी निगम के तीनों कार्यालय खुले रहेंगे।

    यह भी पढ़ें:– लूट की वारदात निकली झूठी, आरोपी काबू