Poison Consume: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। डबवाली उपमंडल के गांव चौटाला में बुधवार शाम पारिवारिक विवाद के बाद एक दंपती ने जहर खा लिया। घटना में 35 वर्षीय सुभाष चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी सुनीता उर्फ ममता को गंभीर हालत में हनुमानगढ़ रेफर किया गया है। Sirsa News
बताया जा रहा है कि यह घटना बीते बुधवार रात 8 बजे की है। उस समय दंपति के पांच बच्चे घर पर मौजूद थे। जहर खाने के बाद जब सुभाष और सुनीता की हालत बिगड़ने लगी, तो उनका 12 वर्षीय बेटा घबराकर पड़ोसी रोहतास के घर भागा। उसने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल 112 व खेत मालिक को सूचित किया। सूचना मिलने पर खेत मालिक चुन्नी राम का बेटा मौके पर पहुंचा। उन्होंने पाया कि सुभाष की धड़कन रुक चुकी थी, लेकिन सुनीता की सांसें चल रही थी।
उन्होंने बिना देर किए सुनीता को अपनी गाड़ी से राजस्थान के संगरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के कारण उन्हें हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। यह भी बताया जा रहा है कि जहर खाने से पहले सुभाष ने अपने दो छोटे बच्चों की पिटाई भी की थी, जिससे उन्हें मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों बच्चों को अपनी सुरक्षा में लेकर अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाया है। मृतक सुभाष के चार बेटे और एक बेटी है, जिनमें सबसे बड़ा बेटा केवल 12 साल का है। पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Sirsa News















