हमसे जुड़े

Follow us

23.3 C
Chandigarh
Saturday, February 7, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी प. बंगाल पहुं...

    प. बंगाल पहुंचा तूफान, 90 किमी/घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा

    Storm
    • कोलकाता एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही बंद
    • बांग्लादेश में भी अलर्ट, 4 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
    • ओडिशा के कटक, खुर्दा, भुवनेश्वर और पुरी में सबसे ज्यादा नुकसान

    भुवनेश्वर (एजेंसी) 

    चक्रवाती तूफान फैनी शनिवार को पश्चिम बंगाल पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक- फैनी बंगाल के खड़गपुर को पार कर चुका है। इसके अब 90 किमी/घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की आशंका है। तूफान के चलते शुक्रवार को ओडिशा में 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 160 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। गृह मंत्रालय को भेजी गई रिपोर्ट में राज्य सरकार ने बताया कि ओडिशा के चार जिले कटक, खुर्दा, भुवनेश्वर और पुरी तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। इनमें भारी नुकसान हुआ है। तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

    बांग्लादेश में अलर्ट

    भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में फैनी के चलते अलर्ट जारी किया गया। यहां 25 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अब तक 4 लाख लोगों को निचले इलाकों से निकाला जा चुका है। 1999 में आए सुपर साइक्लोन के बाद सबसे खतरनाक तूफान माना जा रहा फैनी शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ओडिशा के पुरी तट से टकराया। इससे कई मकानों काे नुकसान पहुंचा। हजारों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। निचली बस्तियों में पानी भर गया। जिस वक्त तूफान पुरी तट से टकराया, हवा की रफ्तार 175 किमी/घंटे थी। कुछ स्थानों पर यह 200 किमी/घंटे तक पहुंची। इससे पहले फैनी तूफान की वजह से चुनाव आयोग ने आंध्रप्रदेश के चार जिलों- पूर्व गोदावरी, विशाखापट्टनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम से आचार संहिता हटा ली। यह फैसला राहत कार्यों में आने वाली संभावित अड़चनों की वजह से किया गया।

    इमरजेंसी नंबर

    ओडिशा- 06742534177, गृह मंत्रालय- 1938, सिक्युरिटी- 182

     

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।