संगठित अपराध को किसी भी हालत में पनपने नहीं दिया जाएगा
Haryana Police: डबवाली/गोरीवाला (सच कहूँ/सुभाष/अनिल)। पुलिस जिला डबवाली को शनिवार को नया नेतृत्व मिला। 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी जसलीन कौर ने पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वे झज्जर में डीसीपी के पद पर कार्यरत थीं। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान उप पुलिस अधीक्षक कपिल अहलावत, डीएसपी डबवाली योगेश कटारिया सहित थाना प्रभारियों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर सेरेमोनियल ड्रेस में पुलिस जवानों ने उन्हें सलामी दी। Sirsa News

ट्रैफिक सुधार को लेकर चलेंगे विशेष अभियान
जसलीन कौर ने फिजिक्स ऑनर्स और एमए एनवायरमेंटल स्टडीज में शिक्षा प्राप्त की है। वे एएसपी पलवल, डीसीपी फरीदाबाद और डीसीपी झज्जर जैसे अहम पदों पर कार्य कर चुकी हैं और अपनी सख्त व प्रभावी कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में संगठित अपराध को किसी भी हालत में पनपने नहीं दिया जाएगा। अपराधियों के साथ-साथ उनके नेटवर्क और सहयोगियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों को शरण देने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में नशा उन्मूलन, साइबर अपराध पर नियंत्रण, सड़क हादसों में कमी और महिला सुरक्षा को मजबूत करना शामिल है। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखें और भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त न किया जाए। एसपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की जान-माल की सुरक्षा करना है और इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा। Sirsa News















