फतेहाबाद। स्थानीय सेठ बद्री प्रसाद डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। स्कूल के तीसरी कक्षा के छात्र रुद्राक्ष और दसवीं कक्षा के छात्र आरव टुटेजा ने अंतर्राष्ट्रीय मैथ्स ओलिंपियाड में हरियाणा में टॉप कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि पर आरव टुटेजा को गोल्ड मेडल के साथ 1200 रुपये तथा रुद्राक्ष को 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस, मैथ्स, इंग्लिश, जीके, साइबर और ह्यूमैनिटी ओलिंपियाड में 100 से अधिक गोल्ड मेडल जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
ओलिंपियाड समन्वयक नवीन धमीजा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। इनमें राष्ट्रीय साइंस ओलिंपियाड में 23, अंतर्राष्ट्रीय मैथ्स ओलिंपियाड में 24, अंतर्राष्ट्रीय जीके ओलिंपियाड में 12, अंतर्राष्ट्रीय इंग्लिश ओलिंपियाड में 12, राष्ट्रीय हिंदी ओलिंपियाड में 4 तथा अंतर्राष्ट्रीय ह्यूमैनिटी ओलिंपियाड में 26 मेडल हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि इस सत्र में अलग-अलग ओलिंपियाड प्रतियोगिताओं में कुल 316 विद्यार्थियों का चयन दूसरे चरण की परीक्षा के लिए हुआ था। दूसरे चरण में काशिका मुंजाल, गर्विता, मन्नत सचदेवा, हिमांशु और ईशांत लांबा ने एक्सीलेंस अवार्ड प्राप्त किया। वहीं लतिका, सवरीत कौर, निकुंभ गोयल, आयुष्मान सिंह, लक्ष भाटिया, नव्या, पालया और अर्नव रहेजा ने साइंस ओलिंपियाड के दूसरे चरण में मेरिट सर्टिफिकेट हासिल किया। ये सभी ओलिंपियाड साइंस ओलिंपियाड फाउंडेशन, नई दिल्ली, इंडियन टैलेंट ओलिंपियाड, मुंबई, सतयुग दर्शन ट्रस्ट तथा डीएवी कॉलेज मैनेजिंग समिति द्वारा आयोजित किए गए थे। स्कूल प्रिंसिपल श्रीमती सुनीता मदान ने विजयी छात्रों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।















