Delhi Metro Timings: दीपावली पर दिल्ली मेट्रो के समय में परिवर्तन, जानें क्या है, एनएचएआई की नई फास्टैग गिफ्ट सुविधा?

Delhi Metro News
Delhi Metro Timings: दीपावली पर दिल्ली मेट्रो के समय में परिवर्तन, जानें क्या है, एनएचएआई की नई फास्टैग गिफ्ट सुविधा?

Delhi Metro Timings: नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने दीपावली पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवाओं के समय में विशेष बदलाव की घोषणा की है। डीएमआरसी के अनुसार, रविवार, 19 अक्टूबर को पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य से एक घंटा पहले यानी सुबह 6:00 बजे से प्रारंभ होंगी। सामान्य दिनों में इन रूटों पर मेट्रो सेवाएं सुबह 7:00 बजे आरंभ होती हैं। Delhi Metro News

वहीं दीपावली के दिन, सोमवार, 20 अक्टूबर को, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी टर्मिनल स्टेशनों से अंतिम मेट्रो ट्रेनें रात 10:00 बजे रवाना होंगी। दिन भर मेट्रो सेवाएं सामान्य समय-सारिणी के अनुसार ही चलेंगी। डीएमआरसी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना इन संशोधित समयों को ध्यान में रखते हुए बनाएं। इस निर्णय का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को निर्बाध और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

दीपावली के अवसर पर यात्रियों को एक विशेष सुविधा

इसी क्रम में, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने भी दीपावली के अवसर पर यात्रियों को एक विशेष सुविधा दी है। एनएचएआई के ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल एप के माध्यम से अब लोग अपने परिजनों या परिचितों को फास्टैग वार्षिक पास उपहार स्वरूप दे सकते हैं। यह पास राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुगम और नकदरहित यात्रा को प्रोत्साहित करता है।

अधिकारियों के अनुसार, उपयोगकर्ता “पास जोड़ें” विकल्प पर क्लिक कर उस व्यक्ति का वाहन नंबर और संपर्क विवरण दर्ज कर सकते हैं, जिसे वे पास देना चाहते हैं। ओटीपी सत्यापन के बाद, यह वार्षिक पास संबंधित वाहन के फास्टैग पर सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद वाहन चालक को बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता नहीं होगी। फास्टैग वार्षिक पास की कीमत ₹3,000 रखी गई है और यह एक वर्ष या 200 टोल पारियों तक मान्य रहेगा। यह सुविधा वर्तमान में देशभर के 1,150 से अधिक टोल प्लाज़ा पर लागू है और केवल गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए उपलब्ध है। Delhi Metro News