देवघर (एजेंसी)। Deoghar Crime News: झारखंड के देवघर जिले में एक युवक का सिरकटा शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। रिखिया थाना क्षेत्र के इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। Deoghar News
एसपी सौरभ कुमार ने गुरुवार को बताया कि मृतक की पहचान दिलीप तूरी के रूप में हुई है, जो आरोपी महिला बबीता देवी का ड्राइवर था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। वारदात के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बैजनाथपुर चौक पर सड़क जामकर विरोध जताया था। रिखिया थाना क्षेत्र के ठाड़ी गांव स्थित देवांग बाबा मैदान के पास सोमवार को युवक का सिर कटा शव बरामद हुआ था। Deoghar News
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अशोक सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई, जिसमें रिखिया, मोहनपुर और टाउन थाना की पुलिस को शामिल किया गया। जांच के दौरान फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। सामने आया कि दिलीप तूरी एक महिला के ड्राइवर के रूप में काम करता था। वह अपनी मालकिन की निजी जानकारियां उसके एक परिचित व्यक्ति को साझा करता था। इसी बात से नाराज होकर बबीता देवी ने पायल राउत और संजीव कुमार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
रविवार देर रात आरोपियों ने सुनसान स्थान पर दिलीप तूरी की गला रेतकर हत्याकर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को वहीं फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने छापेमारी कर बुधवार देर शाम तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और कुछ अन्य तकनीकी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और समयबद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। Deoghar News
यह भी पढ़ें:– Rajasthan News: सरकार ने राजस्थान वासियों को दी ये बड़ी सौगात, लोगों में खुशी की लहर















