नगर पालिका व फायर ब्रिगेड की ली मदद
रानियां (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर चलते हुए ब्लॉक रानियां के सेवादारों ने मानवता का परिचय देते हुए एक बेजुबान की जान बचाई। नगर की अनाज मंडी के सामने बने एक गोदाम में कुई के लिए खोदे गए करीब 20 से 25 फीट गहरे गड्ढे में एक कुत्ता पिछले दो-तीन दिनों से गिरा हुआ था। आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। Sirsa News
इसी दौरान वार्ड नंबर 4 निवासी ललित कुमार इन्सां और गुरजस इन्सां रोजाना की तरह अनाज मंडी के पास पक्षियों के लिए दाना-पानी डालने पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें गड्ढे में गिरे कुत्ते की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ललित कुमार ने नगर पालिका व फायर ब्रिगेड कर्मचारियों से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे नगर पालिका के कर्मचारी मेजर सिंह, सुरेंद्र कुमार और फायर ब्रिगेड कर्मचारी नरेंद्र कुमार ने अन्य लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
गहरे गड्ढे में एक बड़ी सीढ़ी लगाकर कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान कुत्ता डर के कारण बार-बार काटने की कोशिश कर रहा था, जिससे उसे निकालना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया। अंतत: सभी के संयुक्त प्रयासों से कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और सेवादारों के इस मानवीय कार्य की सराहना की। Sirsa News















