एलईडी सोलर लाइटों से रात में जगमगाने लगा गांव, लगाए 26 सीसीटीवी कैमरे
धूरी (सच कहूँ/सुरेन्द्र सिंह)। Dhuri News: पंजाब सरकार द्वारा गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के तहत धूरी हलके के गांव जैनपुर में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों ने गांव की नुहार पूरी तरह बदल दी है। गांव में एलईडी सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने से अब जैनपुर रात के समय रोशनी से जगमगाता हुआ किसी शहर का आभास देने लगा है। गांव की सुरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर 26 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
साथ ही गांव जैनपुर की 100 प्रतिशत सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। गांव की फिरनी को लगभग 1.25 करोड़ रुपये की लागत से कंक्रीट से तैयार किया गया है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है और गांव की सुंदरता में भी वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के ओएसडी सुखवीर सिंह ने बताया कि गांव जैनपुर में अब तक लगभग दो करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं और आने वाले समय में अन्य कार्यों के लिए भी अनुदान जारी किया जाएगा। इस अवसर पर बी.डी.पी.ओ. धूरी सुखविंदर सिंह ने बताया कि पंचायत विभाग द्वारा अन्य विभागों से इतर लगभग एक करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गली-नालियां, स्ट्रीट लाइटें, ब्लॉक टाइलें और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट संबंधी कार्य पूरे हो चुके हैं।
सरपंच ने जताया आभार | Dhuri News
गांव की सरपंच राजविंदर कौर बलिंग ने पंजाब सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार द्वारा लगातार फंड जारी किए जाने से गांव में निरंतर विकास कार्य जारी हैं, जिनका लाभ सीधे तौर पर ग्रामीणों को मिल रहा है।















