हमसे जुड़े

Follow us

15.1 C
Chandigarh
Wednesday, February 11, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी कार्तिक पूर्ण...

    कार्तिक पूर्णिमा पर ‘कालिंदी’ पर उमड़ा श्रद्धा का विशाल सैलाब

    Kairana News
    Kairana News: कार्तिक पूर्णिमा पर 'कालिंदी' पर उमड़ा श्रद्धा का विशाल सैलाब

    यमुना नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, विशेष पूजा-अर्चना कर मांगी मन्नतें

    • सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर यमुना पर मुस्तैद दिखाई दिया पुलिस-प्रशासनिक अमला

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यमुना नदी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। यूपी-​हरियाणा से नदी पर पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। व्यवस्था चाक-चौबंद होने के चलते यमुना स्नान बिना किसी हादसे के शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत यमुना पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

    बुधवार को क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंगलवार रात्रि से ही यूपी-हरियाणा सीमा से गुजर रही यमुना नदी पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सूर्य उगने तक यमुना पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। यूपी और हरियाणा से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने स्नान कर परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं, श्रद्धालुओं ने यमुना घाट पर स्थित प्राचीन मंदिरों के दर्शन करके पितरों की शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।

    मेले में श्रद्धालुओं ने जमकर की खरीदारी | Kairana News

    कार्तिक पूर्णिमा के चलते यमुना के किनारे विशाल मेले का आयोजन किया गया था। जहां पर स्नान करने आए श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों व महिलाओं में देखने को मिला, जिन्होंने अपने पसंदीदा सामान की खरीदारी की। वहीं, श्रद्धालुओं ने प्रसाद का वितरण भी किया।

    श्रद्धालुओं की सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

    यमुना नदी में स्नान के चलते सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। एसडीएम निधि भारद्वाज, सीओ श्याम सिंह व प्रभा पटेल, तहसीलदार अर्जुन चौहान तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बुधवार प्रातःकाल से ही यमुना नदी पर डेरा डाल दिया था। इसके अलावा स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया था। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए यमुना नदी पर मोटर बोट भी लगाई गई थी, जिसमें पुलिसकर्मी और गोताखोर यमुना में घूमकर कड़ी नजर रखे हुए थे। प्रशासन ने महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था कर रखी थी।

    जाम की स्थिति से बचने के लिए श्रद्धालुओं के वाहनों को पुलिस ने यमुना ब्रिज चौकी के पास खाली पड़ी जगहों पर खड़ा करा दिया था। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा पर करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान किया है। यमुना स्नान को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु दो प्लाटून पीएसी बल, फ्लड कंपनी, करीब 150 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। Kairana News

    यह भी पढ़ें:– गांव भैसोड़ा के तेज गेंदबाज हरेन्द्र सिंह का अयोध्या प्रीमियर लीग में चयन