
25 दिन बाद भी नहीं मिला सिलेंडर, डीएफएससी के सामने ही वसूले अतिरिक्त पैसे
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Gas Agency Raids: शहर में गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच मंगलवार को जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक डीएफएससी हरवीर सिंह ने भारत गैस की ब्रांच भूपेंद्र गैस एजेंसी पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एजेंसी की कार्यप्रणाली में कई खामियां सामने आईं, जिनमें कैश काउंटर पर अधिक वसूली, उपभोक्ताओं से बदसलूकी, गेट बंद कर बाउंसर तैनात करना और लंबित बुकिंग के बावजूद समय पर डिलीवरी न होना। इतना ही नहीं निरीक्षण के दौरान डीएफएससी ने कैश काउंटर पर पाया कि किराड़कोट निवासी सुखदेव सिंह से निर्धारित 907 रुपये की बजाय 943 रुपये वसूले जा रहे थे। Sirsa News
अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद अतिरिक्त राशि वापस की गई। इस पर डीएफएससी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी में ही ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं, तो आम दिनों में स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। एजेंसी संचालक भूपेंद्र कुमार ने इसे कर्मचारी की गलती बताते हुए सफाई दी, लेकिन अधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए बुकिंग का पूरा रिकॉर्ड मांगा और सबसे पुरानी लंबित बुकिंग दिखाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को 20-25 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा, जो गंभीर लापरवाही है।
लचर व्यवस्था से बढ़ी परेशानी | Sirsa News
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पर्ची काटने के काउंटर पर आधे घंटे में महज 3-4 पर्चियां ही काटी गईं। उपभोक्ताओं का कहना था कि पर्याप्त काउंटर नहीं लगाए गए हैं और कर्मचारी बार-बार अपनी सीट छोड़ देते हैं, जिससे घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है।

25 दिन बाद भी नहीं मिला सिलेंडर: रेशम सिंह
उपभोक्ता रेशम सिंह ने डीएफएससी को मोबाइल मैसेज दिखाते हुए बताया कि उसने 11 मार्च को बुकिंग करवाई थी, लेकिन 31 मार्च तक सिलेंडर नहीं मिला। मजबूरी में उसे लाइन में लगना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना था कि कुछ लोग सीधे कॉपी लेकर सिलेंडर ले जाते हैं, जबकि बुकिंग कराने वालों को इंतजार करना पड़ता है। उपभोक्ता सोमनाथ ने आरोप लगाया कि एजेंसी का गेट बंद रखा जाता है और बाहर खड़े कर्मचारियों व बाउंसरों का व्यवहार बेहद खराब है। पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं से भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की जाती है। यहां तक कि विरोध करने पर गालियां दी जाती हैं। पुलिस के कहने पर भी बाउंसरों ने गेट खोलने में आनाकानी की।
बाउंसरों से धक्का-मुक्की, आधे घंटे हंगामा
निरीक्षण से पहले एजेंसी पर हंगामा भी हुआ। वार्ड-25 के पूर्व पार्षद सुशील सैनी के भतीजे मोहित ने आरोप लगाया कि केवाईसी के लिए पहुंचने पर बाउंसरों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान लाइन में लगे लोग गिर गए और करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी रही। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
डीएफएससी हरवीर सिंह ने कहा कि एजेंसी का रिकॉर्ड जांचा गया है और मौजूदा हालात संतोषजनक नहीं हैं। विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा।
यह भी पढ़ें:– अमेरिका-इजरायल हमले में ईरान के चीफ ऑफ स्टाफ के सलाहकार जमशेद इशाकी की मौत














