हमसे जुड़े

Follow us

11.9 C
Chandigarh
Friday, February 6, 2026
More

    Dussehra: घरौंडा में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, रावण दहन के साथ उमड़ा जनसैलाब

    Gharaunda News
    Dussehra: घरौंडा में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, रावण दहन के साथ उमड़ा जनसैलाब

    घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व घरौंडा के सरकारी स्कूल ग्राउंड में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। श्रीराम लीला कमेटी द्वारा आयोजित इस पर्व में रावण दहन मुख्य आकर्षण रहा। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता वीरेंद्र राठौर सहित हजारों लोगों ने इस ऐतिहासिक आयोजन में हिस्सा लिया। घरौंडा की रामलीला का यह आयोजन पिछले 90 वर्षों से हो रहा है, जिसे लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। Karnal News

    शनिवार को श्रीराम लीला कमेटी की ओर से दोपहर 12 बजे रामलीला ग्राउंड से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड बाजों की धुनों पर सजीव झांकियों ने शहरवासियों का मन मोह लिया। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई रावण दहन स्थल पर पहुंची, जहां रावण और राम के बीच प्रतीकात्मक युद्ध का मंचन किया गया। यह दृश्य उपस्थित दर्शकों के लिए विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बना रहा। सांस्कृतिक झांकियों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया।

    कांग्रेस नेता वीरेंद्र राठौर ने किया रावण दहन | Karnal News

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता वीरेंद्र राठौर ने रावण का पुतला दहन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें अहंकार से बचकर जीवन में अच्छाई की राह पर चलना चाहिए। राठौर ने कहा कि रावण अपने ज्ञान और शक्ति के लिए जाना जाता था, लेकिन अपने अहंकार और बुरे कर्मों के कारण मारा गया। यह त्यौहार हमें सिखाता है कि जीवन में बुरे कार्यों का अंत अवश्य होता है, चाहे व्यक्ति कितना भी विद्वान क्यों न हो।

    90 सालों से चली आ रही परंपरा

    श्रीराम लीला कमेटी के प्रधान मुनीष गुप्ता ने बताया कि घरौंडा में रामलीला का आयोजन 90 सालों से किया जा रहा है और हर साल इसे बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। गुप्ता ने कहा कि शहरवासियों के प्रेम और सहयोग के कारण ही यह आयोजन इतना भव्य रूप लेता है। रामलीला के प्रति लोगों की आस्था और प्रेम देखकर कमेटी के सदस्य हर साल इसे और भव्य बनाने का प्रयास करते हैं। Karnal News

    मेले में उमड़ी भीड़, जमकर हुई खरीदारी

    दशहरे के मौके पर घरौंडा में मेला भी लगा, जिसमें आसपास के ग्रामीण इलाकों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। मेले में बच्चों के खिलौनों की दुकानों से लेकर खाने-पीने के स्टॉल तक सजे रहे। दिनभर चहल-पहल रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की। रावण दहन के बाद लोग रावण के पुतले की लकड़ियों के अवशेष अपने साथ ले गए, जिन्हें शुभ माना जाता है।

    पुलिस ने संभाला यातायात, जाम किया साफ | Karnal News

    रावण दहन स्थल जीटी रोड के पास होने के कारण कार्यक्रम के बाद सर्विस रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। भारी भीड़ और वाहनों के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और यातायात को सुचारू रूप से चलाया।

    यह भी पढ़ें:– Vijayadashami: कैराना में धू-धू कर जला अहंकार का प्रतीक रावण

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here