हमसे जुड़े

Follow us

24.2 C
Chandigarh
Saturday, March 21, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी प्रेम व सौहार...

    प्रेम व सौहार्द से मनाया गया ईद-उल-फितर का त्योहार

    Kairana News
    Kairana News: प्रेम व सौहार्द से मनाया गया ईद-उल-फितर का त्योहार

    अकीदत के साथ अदा की गई ईद की नमाज, खुदा से मांगी अमन-चैन की विशेष दुआ

    • :-डीएम-एसपी ने कैराना पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: प्रेम व भाईचारे का प्रतीक पर्व ईद-उल-फितर नगर एवं क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न मस्जिदों व ईदगाहों में अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के उपरांत अकीदतमंदों ने खुदा की बारगाह में हाथ उठाकर विश्व शांति, राष्ट्र एकता एवं अखंडता, उन्नति व खुशहाली आदि की विशेष दुआएं मांगी। वहीं, डीएम व एसपी ने भी कैराना पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लोगो को ईद की मुबारकबाद पेश की।

    शनिवार को प्रेम व भाईचारे का प्रतीक पर्व ईद-उल-फितर श्रद्धा, उल्लास व सौहार्द के साथ मनाया। इस अवसर पर कस्बे के प्राचीन ईदगाह के मैदान पर जामा मस्जिद के खतीब मौलाना ताहिर हसन ने लोगो को ईद की नमाज अदा कराई। उन्होंने खिताब करते हुए कहा कि इस्लाम में अखलाक को बड़ा दर्जा दिया गया है, जिसमें एक इंसान की कीमत दरख्त के मानिंद हैं। जिस प्रकार हर दरख्त की उसके फल से असल पहचाान होती है, उसी प्रकार अखलाक से अच्छे इंसान की पहचान दु:ख-दर्द में काम आना और आपसी मुहब्बत से जाहिर होती है। उन्होंने कहा कि पवित्र कुरआन में फरमाया गया है कि जो दूसरों को तकलीफ पहुंचाएं, ऐसे इंसान को इंसान कहलाने का हक नहीं और उन्हें जानवर से भी बदतर कहा गया है। लिहाजा, सबके साथ में अच्छा सुलूक करना चाहिए। कोई यदि तकलीफ पहुंचाता है, तो उसे तकलीफ नहीं, बल्कि माफ कर देना चाहिए। बुराई का बदला भलाई से दो। उन्होंने कहा कि दिल में किन्हा और हसद रखने वाले की जिंदगी से सुकून खत्म हो जाता है। Kairana News

    हजरत पैगंबर साहब अपने अखलाक से ही लोगों का दिल जीत लेते थे, जिन्होंने दुश्मनों के साथ में भी अच्छा बर्ताव किया, अच्छे अखलाक से पूरी दुनिया में इस्लाम फैलाया। उन्होंने इस्लाम के बताए रास्तों पर चलने की ताकीद की। आगे कहा कि इस्लाम में तालीम पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस्लाम के नुमाइंदों के लिए दीन के अलावा आधुनिकता की तालीम भी आवश्यक है। क्योंकि मनुष्य के जीवन को सहज एवं सरल बनाने ने आधुनिक तालीम की अहम भूमिका है। उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा तथा उच्च संस्कार देने तथा नशों की गिरफ्त से बचाने का आह्वान किया। प्राचीन ईदगाह के अलावा कस्बे की जामा मस्जिद, शिया जामा मस्जिद, शामली बस अड्डे वाली मस्जिद, शाही दरबार वाली मस्जिद, मदरसा इशातुल इस्लाम वाली मस्जिद समेत विभिन्न गांवों की प्रमुख मस्जिदों तथा ईदगाहों में भी ईद की नमाज अकीदत-ओ-एहतराम के साथ अदा की गई। इस दौरान अकीदतमंदों ने हाथ उठाकर विश्व शांति, राष्ट्र एकता एवं अखंडता, उन्नति, खुशहाली आदि के लिए विशेष दुआएं मांगी।

    कैराना पहुंचे डीएम व एसपी, परखी व्यवस्था

    ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से कड़े इंतजामात किए गए थे। डीएम अरविंद चौहान व एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह भी कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने ईदगाह मैदान पर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने ईदगाह मैदान पर नमाज अदा करने आए अकीदतमंदों को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद भी दी गई। उधर, नगरपालिका परिषद द्वारा ईदगाह व विभिन्न मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई कराकर कली-चूना डलवाया गया था। इसके साथ ही पेयजल की व्यवस्था भी कराई गई थी। इस दौरान एसडीएम निधि भारद्वाज, सीओ हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री आदि मौजूद रहे।

    नए कपड़े पहनकर ईदगाह पहुंचे अकीदतमंद | Kairana News

    ईद-उल-फितर पर सबसे ज्यादा उत्साह युवाओं और बच्चों में देखने को मिला। अकीदतमंद सुबह से ही नए कपड़े पहनकर ईदगाह में पहुंचने शुरू हो गए थे। इसके अलावा अकीदतमंदों ने ईदगाह में जाकर अपनी जगह ली। जहां पर मुसल्ले और चटाई, सफें बिछाकर नमाज अदा की गई। नमाज अदा कर खुतबा सुनने के बाद ही अकीदतमंद ईदगाह से चले गए।

    एक-दूसरे को गले लगाकर भुला दिए सब शिकवे गिले

    ईद की नमाज अदा करने के उपरांत अकीदतमंदों ने एक-दूसरे के गले मिलकर सारे गिले शिकवे दूर किये तथा ईद की मुबारकबाद पेश की। वहीं, हिंदू समुदाय के लोगो ने भी मुस्लिम भाइयों के घर पहुंचकर ईद की शुभकामनाएं ज्ञापित की तथा ईद के अवसर पर आयोजित पार्टी में शामिल हुए।

    यह भी पढ़ें:– Yogi Adityanath: प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक: सीएम योगी