हमसे जुड़े

Follow us

23.9 C
Chandigarh
Thursday, March 26, 2026
More
    Home देश ऐलनाबाद उपचुन...

    ऐलनाबाद उपचुनाव : गोविन्द कांडा, पवन बेनीवाल और अभय चौटाला में होगा मुकाबला

    नई दिल्ली /सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)।
    ऐलनाबाद उपचुनाव के चुनावी रण में भाजपा, कांग्रेस और इनेलो सहित प्रमुख दलों द्वारा प्रत्याशी घोषित कर दिए जाने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। भाजपा ने जहां गोविन्द कांडा पर दाव खेला है। कांडा ने आज भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल और जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह की उपस्थिति में नामांकन भरा। वहीं कांग्रेस ने पवन बेनीवाल को मुकाबले में उतारा है। जबकि इनेलो की तरफ से अभय सिंह चौटाला खुद चुनाव मैदान में हैं।

    इनके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से विकल पचार चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में किसी भी एक प्रत्याशी के लिए मुकाबला आसान नहीं दिख रहा है।

    बता दें कि गोविंद कांडा पहले दो बार रानियां से अपनी किस्मत आजमा चुके हैं, लेकिन सफलता उनके हाथ नहीं लगी। वहीं इससे पूर्व पवन बेनिवाल भाजपा के टिकट पर ऐलनाबाद से चुनाव लड़े थे और इनेलो प्रत्याशी अभय चौटाला से हार गए थे। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, ऐलनाबाद उप चुनाव के प्रभारी सुभाष भराला, खेल मंत्री संदीप सिंह और सिरसा भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य देवीलाल भी मौजूद रहे।।

    गौरतलब है कि गोविन्द कांडा सरसा विधानसभा क्षेत्र से हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) के विधायक गोपाल कांडा के छोटे भाई हैं और वे रानियां विधानसभा से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं और दोनों ही बार उन्हें अपने प्रतिद्वंद्वियों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इस बार ऐलनाबाद विधानसभा उपचुनाव की घोषणा होते ही उन्होंने भाजपा-जजपा गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर की थी और पिछले दिनों ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

    कहाँ से किसे मैदान में उतारा

    भाजपा केन्द्रीय चुनाव समिति ने दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव की दादरा एवं नगर हवेली लोकसभा सीट से महेश गावित, मध्य प्रदेश की खंडवा से ज्ञानेश्वर पाटिल और हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को मैदान में उतारा है।

    वहीं विधानसभा उपचुनाव की बात करें तो आंध्र प्रदेश के बाड़वेल से पुन्थाला सुरेश, हरियाणा के ऐलनाबाद से गोविंद कांडा, हिमाचल प्रदेश के फतेहपुर से बलदेव ठाकुर, आर्की से रतन सिंह पाल, जुब्बल-कोटखै से नीलम सरायक, कर्नाटक के सिंदगी से रमेश भुसानुरु, हंगल से शिवराज सज्जानार, मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर से शिशुपाल सिंह यादव, रायगाँव से प्रतिमा बागरी, जॉबट से सुलोचना रावत राजस्थान के वल्लभनगर से हिम्मत सिंह झाला, धारियावाड़ से खेत सिंह मीना, पश्चिम बंगाल के दिनहाता से अशोक मंडल, शांतिपुर से निरंजन बिस्वास, खरदाहा से जॉय साहा और गोसाबा से पालाश राणा को प्रत्याशी घोषित किया है। इन क्षेत्रों में मतदान 30 अक्टूबर को और मतगणना 02 नवंबर को होगी।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।