Elon Musk Net Worth 2025: नई दिल्ली। टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने वैश्विक संपत्ति की सूची में नया इतिहास रच दिया है। उनकी कुल संपत्ति 500 अरब अमेरिकी डॉलर के स्तर तक पहुँच गई है, जिससे वे ऐसा मुकाम पाने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। Elon Musk News
विशेषज्ञों के अनुसार, मस्क की यह अभूतपूर्व उपलब्धि मुख्य रूप से टेस्ला के शेयरों में लगातार बढ़त और उनकी अन्य कंपनियों—स्पेसएक्स और एक्सएआई—के तेज़ी से बढ़ते मूल्यांकन की वजह से संभव हुई है। वर्ष 2025 में अब तक टेस्ला के शेयरों में 14 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई है। पिछले कारोबारी सत्र में भी टेस्ला के शेयर 3.5 प्रतिशत चढ़े, जिसके चलते मस्क की संपत्ति में 8 अरब डॉलर से अधिक का इज़ाफा हुआ।
हाल ही में टेस्ला बोर्ड ने जानकारी दी थी कि एलन मस्क व्हाइट हाउस के कार्यों से समय निकालकर अब पूर्ण रूप से कंपनी के संचालन पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। कुछ समय पहले उन्होंने टेस्ला के एक अरब डॉलर मूल्य के शेयर खरीदने का ऐलान भी किया था, जिससे निवेशकों का विश्वास और मजबूत हुआ।
स्पेसएक्स का मौजूदा मूल्यांकन लगभग 400 अरब डॉलर आँका गया है, जबकि मस्क के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप xAI का मूल्यांकन 75 अरब डॉलर तक पहुँच चुका है। इन दोनों कंपनियों के साथ टेस्ला की प्रगति ने मस्क को दुनिया का सबसे धनी व्यक्ति बना दिया है। फोर्ब्स की बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, एलन मस्क के बाद ओरेकल कंपनी के सह-संस्थापक लैरी एलिसन का नाम आता है, जिनकी कुल संपत्ति लगभग 350 अरब डॉलर है। इस प्रकार मस्क उनसे 150 अरब डॉलर से भी अधिक आगे हैं। Elon Musk News