4.804 किग्रा हेरोइन, 30 हजार ड्रग मनी व हथियार बरामद
- मामले में 2 महिलाओं सहित कुल 6 आरोपी गिरफ्तार
फरीदकोट (सच कहूँ/गुरप्रीत पक्का)। Faridkot News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों के विरूद्ध’ के अंतर्गत, गौरव यादव (डीजीपी पंजाब) के नेतृत्व में नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए फरीदकोट पुलिस ने 2 महिलाओं सहित 6 तस्करों को गिरफ्तार कर पाकिस्तान-आधारित अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से 4.804 किलोग्राम हेरोइन और 1 हथियार बरामद किया गया है। उपरोक्त जानकारी एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन ने रविवार को प्रेस कॉन्फै्रंस के दौरान साझा की।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार | Faridkot News
गिरफ्तार आरोपियों में अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर और डिंपल रानी (जिला फिरोजपुर), जबकि रमनदीप कौर, सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा और अमृतपाल सिंह उर्फ अभिजोत (जिला मोगा) के निवासी हैं। एक अन्य आरोपी जरनैल सिंह उर्फ गोल्डी (जिला लुधियाना) से संबंधित है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 किलो 804 ग्राम हेरोइन, .30 बोर की एक पिस्तौल सहित 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त तस्करी में प्रयुक्त एक थार और एक एक्सयूवी-500 वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने इस तरह की कार्रवाई
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि 20-21 फरवरी की मध्यरात्रि को सीआईए स्टाफ फरीदकोट की टीम ने ग्रीन एवेन्यू जाने वाली सड़क पर खड़ी एक थार गाड़ी को संदेह के आधार पर रोका। वाहन में सवार जरनैल सिंह उर्फ गोल्डी, रमणदीप कौर, सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा और अमृतपाल सिंह उर्फ अभिजोत की डीएसपी (फरीदकोट) तरलोचन सिंह की निगरानी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी की अगली कंडक्टर सीट के पास रखे किट बैग से 1 किलो 8 ग्राम हेरोइन और 30,000 रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। Faridkot News
इसके बाद चारों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि यह खेप अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर द्वारा अपनी एक्सयूवी-500 के माध्यम से उपलब्ध करवाई गई थी, जिसके बदले 2 लाख 60 हजार रुपये दिए गए थे। इसके बाद उसे नामजद कर तलाश शुरू की गई। सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर अमरिन्द्र सिंह ने पुलिस टीम सहित पीछा करते हुए गांव गोलेआणा सेमनाला के पास अमरदीप सिंह को उसकी कार और महिला आरोपी डिंपल रानी सहित गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में 5 पैकेटों से कुल 3 किलो 796 ग्राम हेरोइन, .30 बोर पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पाकिस्तान से जुड़े तार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान-आधारित हैंडलरों के संपर्क में थे। ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में बड़ी मात्रा में हेरोइन भेजी गई थी, जिसे आगे अन्य तस्करों तक पहुंचाया जाना था। एसएसपी ने बताया कि पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
आपराधिक रिकॉर्ड
जांच में पाया गया कि अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर के खिलाफ पहले से नशा तस्करी व अन्य गंभीर धाराओं के तहत 9 मामले दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी 3 मामले दर्ज हैं। बताया गया कि अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर पीएपी कैडर का बर्खास्त कर्मचारी है, जबकि उसका साथी जरनैल सिंह उर्फ गोल्डी सेना में कार्यरत है। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है, ताकि उनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जा सके। इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में मामला दर्ज किया गया है।
हेरोइन व अफीम सहित 2 गिरफ्तार
लुधियाना। पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत लुधियाना पुलिस द्वारा चलाई जा रही विशेष मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के अंतर्गत असामाजिक एवं गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों के पास से 100-100 ग्राम हेरोइन और अफीम बरामद की गई है। यह मामले लुधियाना कमिश्नरेट के अधीन थाना जमालपुर और कूम-कलां से संबंधित हैं। Faridkot News
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान सुमित निवासी 33 फुटा रोड (100 ग्राम हेरोइन) और लाल सिंह निवासी रतनगढ़ (100 ग्राम अफीम) के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना जमालपुर के जांच अधिकारी जसविन्द्र सिंह तथा थाना कूम-कलां के जांच अधिकारी राम नरेश ने बताया कि वे बीते दिन गश्त के दौरान अलग-अलग स्थानों पर मौजूद थे। गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को शक के आधार पर नियमानुसार जांचा गया, जिसमें इन दोनों व्यक्तियों के पास से 100-100 ग्राम हेरोइन और अफीम बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें:– Tourist Bus Accident: लुधियाना से राजस्थान जा रही टूरिस्ट बस टोहाना में दुर्घटनाग्रस्त हुई















