हमसे जुड़े

Follow us

31.4 C
Chandigarh
Sunday, April 12, 2026
More
    Home देश Farmers Prote...

    Farmers Protests: बायोमेट्रिक नियम के विरोध में किसानों का गुस्सा हाईवे पर फूटा, किया जाम

    Sirsa News

    भावदीन व खुइयां मलकाना टोल पर प्रदर्शन, रूट डायवर्ट

    Farmers Protests: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। गेहूं बिक्री के दौरान बायोमेट्रिक और ट्रैक्टर नंबर सहित फोटो अपलोड करने के नियम के विरोध में शनिवार को किसानों का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने भावदीन और खुइयां मलकाना टोल प्लाजा पर करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10 बजे से ही विभिन्न किसान संगठनों के किसान भावदीन टोल पर जुटने लगे और एक तरफ धरना देकर बैठ गए। पुलिस प्रशासन ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद करीब साढ़े 11 बजे किसानों ने दोनों ओर सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। Sirsa News

    जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने पहले ही फतेहाबाद से आने वाले वाहनों के रूट डायवर्ट कर दिए। जोधकां से सुचान कोटली और संग सरिस्ता से भावदीन के रास्ते वाहनों को निकाला गया। इसके चलते वाहन चालकों को 8 से 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। दोपहर करीब 2 बजे किसान लंगर ग्रहण कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच कहासुनी भी हुई। हालांकि किसानों ने ढाई बजे जाम खोलने का आश्वासन दिया, जिसके बाद पुलिस पीछे हट गई।

    पुलिस से कहासुनी के बाद ढाई बजे खोला जाम

    तय समय पर जाम खोल दिया गया और इसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई, जबकि किसान साइड में बैठकर धरना जारी रखे रहे। टोल प्लाजा पर एहतियात के तौर पर करीब 400 पुलिस कर्मी तैनात रहे। इस मौके पर राष्ट्रीय किसान मंच के सुखपाल सिंह संधु, जिंदा नानूआना, आॅल इंडिया किसान सभा के सुखदेव सिंह जम्मू, बीकेयू टिकैत के भरत झाझड़िया, बीकेयू ओग्राहा के रघुवीर सिंह नकौड़ा सहित कई किसान नेता मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि बायोमेट्रिक और फोटो अपलोड करने की प्रक्रिया से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होगा। फसली सीजन में पहले ही समय की कमी रहती है, ऐसे में ऐसे नियम उनकी परेशानी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की। वहीं टोल प्लाजा मैनेजर रोहित जोशी के अनुसार जाम के चलते करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ। Sirsa News

    किसानों ने हाईवे-9 किया जाम

    डबवाली/गोरीवाला (सच कहूँ न्यूज)। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर खुइयां मलकाना टोल प्लाजा के पास जाम लगा दिया। डबवाली, ओढ़ां और कालावाली क्षेत्र के गांवों से पहुंचे किसानों ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बायोमेट्रिक नीति के विरोध में प्रदर्शन किया। जाम के चलते वाहन चालकों को कालावाली के रास्ते लंबा रूट अपनाना पड़ा। सूचना मिलते ही एसडीएम पारस भागोरिया व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। तहसीलदार सुनील कुमार ने किसानों को बायोमेट्रिक प्रणाली के फायदे बताए, वहीं एसडीएम ने उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। किसान नेता जसवीर सिंह भाटी ने कहा कि जब तक बायोमेट्रिक नियम वापस नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। Sirsa News