घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचे, हायर सेंटर रेफर
हनुमानगढ़। श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र से ईंट भट्ठे पर काम करने वाले पिता-पुत्र को कथित रूप से कई दिन तक अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर यातनाएं देने का मामला सामने आया है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूर पहले स्वयं संगरिया अस्पताल में भर्ती हुए, जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अर्जुन सरोज (34) निवासी गांव मालाधर छत्ता, तहसील कुंडा, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी चक 6 पी, अनूपगढ़ ने बताया कि वह अनूपगढ़ के चक 6 पी में गौरव गोदारा ईंट उद्योग में जलाई मिस्त्री के रूप में कार्य करता है। Hanumangarh News
उसके अनुसार 1 जनवरी 2026 से कुल 13 मजदूर वहां कार्यरत हैं। आरोप है कि भट्ठा मालिक समय पर भुगतान नहीं करता और मजदूरों को डराकर काम करवाता है। अर्जुन के मुताबिक, 12 फरवरी की रात उसके पिता भगवती प्रसाद की तबीयत बिगड़ने पर उसने अपने बड़े भाई जमुना शंकर को उन्हें लेने भेजा। रात करीब 11 बजे जब वह किराए की गाड़ी लेकर पहुंचा तो भट्ठा मालिक, मुनीम और अन्य लोगों ने गाड़ी पर ईंट-पत्थर बरसाए और तोड़फोड़ की। इस दौरान वहां मौजूद मजदूर डरकर भाग गए।
आरोप है कि पिता व भाई के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए
आरोप है कि पिता व भाई के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए। जब अर्जुन ने फोन किया तो मुनीम ने कथित रूप से धमकी दी कि पिता-पुत्र को अगवा कर लिया गया है और मजदूरों के वापस आने तक उन्हें नहीं छोड़ा जाएगा। पीड़ितों के अनुसार, दोनों को आंखों पर पट्टी बांधकर अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा गया और शराब के नशे में मारपीट की गई। मारपीट में जमुना शंकर का हाथ व पैर टूट गया, जबकि भगवती प्रसाद के हाथ को जलाने तथा पसली टूटने का भी आरोप है।
बाद में आरोपितों ने उन्हें पीलीबंगा छोड़ दिया और कथित रूप से लखनऊ की ट्रेन का टिकट भी कटवाया, साथ ही रास्ते में कहीं उतरने पर धमकी दी गई। दोनों किसी तरह संगरिया पहुंचे और अस्पताल में भर्ती हुए, जहां से उन्हें हनुमानगढ़ रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत मक्कासर के प्रशासक बलदेव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायल मजदूरों से जानकारी ली। अर्जुन सरोज का कहना है कि उसने अनूपगढ़ पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। Hanumangarh News














