हमसे जुड़े

Follow us

22.4 C
Chandigarh
Thursday, February 19, 2026
More

    ‘अवैध सम्बन्धों का विरोध करने पर ससुर ने पुत्रवधु को मौत के घाट उतारा’

    Kairana News
    Kairana News: 'अवैध सम्बन्धों का विरोध करने पर ससुर ने पुत्रवधु को मौत के घाट उतारा'

    गांव इस्सापुर खुरगान में चार दिन पूर्व हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

    • हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने एवं साक्ष्य मिटाने का प्रयास करने के आरोप में मृतका का पति भी गिरफ्तार

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना पुलिस ने चार दिन पूर्व खादर क्षेत्र के गांव इस्सापुर खुरगान में हुई महिला की मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के ससुर व पति को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। ससुर पर अवैध सम्बन्धों का विरोध करने पर पुत्रवधु की हत्या करने का आरोप है, जबकि मृतका के पति को हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने तथा घटना के साक्ष्य मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। Kairana News

    विगत 15 फरवरी को क्षेत्र के गांव इस्सापुर खुरगान में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसका शव कमरे के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर सीओ कैराना हेमंत कुमार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ में मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल की थी। पुलिस ने मृतका के शव को पंचायतनामा भरने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के भाई ने बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर अभियोग पंजीकृत कराया था। गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत महिला की हत्या के आरोप में उसके ससुर अब्बास उर्फ बासा व पति सलमान निवासीगण ग्राम इस्सापुर खुरगान को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

    गला दबाकर चारपाई पर लिटाया शव, लाठी व तार के सहारे लगाई कुंडी

    पुत्रवधु की हत्या के आरोप में पकड़े गए अब्बास उर्फ बासा ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि उसका पुत्र सलमान पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करता है। घर पर केवल वह और उसकी पुत्रवधु रहते थे। उसके पुत्र के बाहर रहने के कारण जाबिद निवासी ग्राम मंडावर के साथ में पुत्रवधु के अवैध सम्बन्ध हो गए थे। दोनों के अवैध सम्बन्धों के बारे में उसे पता था। जाबिद केवल उसकी मौजूदगी में ही घर पर आता था। उसने जाबिद व उसके सम्बन्धों के बारे में पति सलमान व मायके वालों को बताने की धमकी देकर पुत्रवधु से कई बार अवैध सम्बन्ध बनाने का प्रयास किया था।

    विगत 14 फरवरी को शाम करीब सात बजे जाबिद उसके घर पर आया था और पुत्रवधु के पास करीब एक घंटा रहकर वापिस चला गया। उस समय वह भी घर पर मौजूद था। जाबिद के जाने के बाद उसने रात्रि के समय पुत्रवधु के साथ में अवैध सम्बन्ध बनाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहा। उसने अपने पुत्र सलमान से फोन पर बात की तथा उसकी पत्नी व जाबिद के सम्बन्धो के बारे में बताया। इसके बाद, उसने बेटे सलमान के साथ मिलकर पुत्रवधु को मारने की योजना बनाई। प्लानिंग के अनुसार उसने पुत्रवधु की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव को कमरे के अंदर चारपाई पर लेटाकर ऊपर से कंबल डाल दिया। बाद में एक लाठी में तार बांधा तथा कमरे से बाहर निकलकर लाठी व तार के सहारे अंदर से कमरे की कुंडी लगा दी। Kairana News

    अगले दिन हत्या की घटना से भ्रमित करने के उद्देश्य से आसपास के लोगों को बुलाकर गेट खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में वेल्डिंग मिस्त्री नाजिम व नौशाद के द्वारा जाली काटकर गेट को खोला गया। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि महिला की गला घोंटकर हत्या करने पर उसके ससुर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मृतका का पति हत्या के षड्यंत्र में शामिल रहा है। उसने घटना के साक्ष्य मिटाने का भी काम किया है।

    यह भी पढ़ें:– ‘बाजार क्षेत्र में एंटी रोमियों व पैदल गश्त को बनाए प्रभावी’