हमसे जुड़े

Follow us

30.8 C
Chandigarh
Saturday, March 28, 2026
More
    Home देश फिल्म अभिनेत्...

    फिल्म अभिनेत्री माही गिल और अभिनेता हाबी धालीवाल भाजपा में शामिल

    Mahi Gill Join BJP Sachkahoon

    केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा सीएम मनोहर लाल और पंजाब चुनाव प्रभारी दुष्यंत गौतम रहे मौजूद

    चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। बालीवुड और पंजाबी अभिनेत्री माही गिल (Mahi Gill Join BJP) और पंजाबी अभिनेता हाबी धालीवाल सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। दोनों ने चंडीगढ़ में पार्टी का दामन थामा। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री व पंजाब भाजपा गजेंद्र सिंह शेखावत और भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी दुष्यंत भी मौजूद रहे। बता दें कि हाल ही में चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में माही गिल कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करती नजर आई थी। माही गिल ने कांग्रेस उम्मीदवार एचएस लक्की के पक्ष में प्रचार किया था।

    भाजपा के चंडीगढ़ स्थित पंजाब कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने पार्टी का पटका पहना और गुलदस्ता देकर दोनों का पार्टी में स्वागत किया। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर अभिनेत्री माही गिल ने कहा कि वह पंजाब की लड़कियों के लिए काफी कुछ करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह पंजाब और केन्द्र के बीच एक बांध के रूप में काम करना चाहती हैं, ताकि पंजाब के सभी मुद्दे केंद्र सरकार के पास पहुंचाए जा सकें। माही गिल ने कहा कि वह पंजाब के लिए काम करना चाहती हैं।

    वहीं भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर पंजाबी अभिनेता हाबी धालीवाल ने कहा कि वह पहली बार किसी राजनीतिक दल में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मेरा सूत्रधार, मेरी भावना पंजाब है और मैं पंजाब से बहुत प्यार करता हूँ, लेकिन पंजाब की संस्कृति, कृषि, पानी, विरासत सब कुछ पिछले कुछ वर्षों से खत्म होता चला गया है। हाबी धालीवाल ने कहा कि करीब 70 वर्षों से पंजाब में भाजपा की नीतियां लोगों तक नहीं पहुंच सकी हैं, उन पर चर्चा नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि मैं पंजाब के लोगों को भाजपा की नीतियों के संबंध में जागरूक करूंगा, ताकि पंजाब खुशहाल बन सके। हाबी धालीवाल ने कहा कि मुझे कोई पद नहीं चाहिए, लेकिन पंजाब की खुशहाली जरूर चाहता हूँ और पंजाब व पंजाबियों की सेवा में सदैव समर्पित रहूँगा।

    भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह भाजपा का सूर्योदय है। यह पहला अवसर है कि जब भाजपा अपनी विचारधारा के साथ पंजाब में पहुंची है। उन्होंने कहा कि पंजाबियत खोती जा रही है और चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं। गजेंद्र शेखावत ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से पंजाब के लिए खतरा बढ़ रहा है। पंजाब का ताना-बाना क्षीण न हो, खोया अतीत लौटाया जा सके और पंजाब को खुशहाल प्रदेश बनाया जा सके, भाजपा इसके लिए प्रयासरत है। अभिनेत्री माही गिल के भाजपा में शामिल होने पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि बेटियों का परिवार के प्रति मोह होता है, आज माही गिल पंजाब की बेटी-बहन के रूप में भाजपा में शामिल हुई है। साथ ही मजबूत कंधे वाले बेटे अभिनेता होबी धालीवाल के पार्टी में शामिल होने से भाजपा मजबूत हुई है।

    आप और कांग्रेस कर रही नौटंकी : गजेन्द्र सिंह शेखावत

    गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आप के मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा पर कांग्रेस ने उसे नौटंकी बताया था, लेकिन कांग्रेस ने स्वयं भी वैसा ही किया। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के लोग भाजपा की सरकार चाहते हैं। पंजाब के गांव-गांव में भाजपा की नीतियां पसंद की जा रहा हैं। शेखावत ने कहा कि भाजपा की विचारधारा, कार्यों और सम्मानजनक जीवन से आकर्षित होकर अच्छे व्यक्तित्व के लोगों का भाजपा में शामिल होने का क्रम निरंतर जारी है।

    पंजाब सहित पाँचों राज्यों में बड़ी जीत दर्ज करेगी भाजपा : मनोहर लाल

    मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पंजाब और देश में भाजपा की लहर है और उन्हें उम्मीद है कि भाजपा सभी पांचों राज्यों में मजबूती से सरकार बनाएगी। मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में निरंतर अच्छी सोच वाले प्रभावी व्यक्ति शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में पहली बार 73 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि अन्य सीटों पर गठबंधन पार्टियां चुनावी मैदान में हैं। मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सभी 117 सीटों पर प्रचार करेगी, ताकि पंजाब के लोगों को पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों से अवगत कराया जा सके।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here