पड़ोसी ने प्रौढ़ पर राह चलते किया हमला, ईंट फेंककर किया चोटिल
हनुमानगढ़। गली में कचरा फेंकने व पशु बांधने का ओलमा देने से नाराज एक शख्स ने घर के आगे से गुजर रहे अपने पड़ोसी पर हमला कर दिया। ईंट उठाकर मारी। इससे प्रौढ़ के माथे पर चोट लगी। इस संबंध में भिरानी पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार विनोद कुमार (49) पुत्र प्रेमराज जाट निवासी सांगड़ा पीएस भिरानी ने रिपोर्ट पेश की कि उसका घर पड़ोसी वेदप्रकाश शर्मा गली में कचरा आदि डाल देता है। गली में खूंटे रोपकर पशु बांध देता है। इससे गली में गन्दगी रहती है और आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। इसके लिए उसने वेदप्रकाश शर्मा को दो-तीन बार कहा तो वह उससे नाराज हो गया और रंजिश रखने लगा। 16 दिसम्बर की शाम करीब 5 बजे वह अपने खेत से घर की तरफ लौट रहा था। जब वह वेदप्रकाश शर्मा के घर के आगे से जाने लगा तो वेदप्रकाश शर्मा मारपीट करने के आशय से लाठी लेकर आया। उसे रास्ते जाते को जबरदस्ती रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा।
जान से मारने की नियत से ईंट उठाकर सिर में मारी जो उसके माथे पर लगी। इससे उसका माथा फट गया और खून बहने लगा। उसने शोर मचाया तो उसका भाई दिनेश कुमार व लड़का दीपेन्द्र सिंह आदि दौड़कर आए। इन्होंने वेदप्रकाश शर्मा को ललकारा तो वह वहां से भाग गया। उसने रात्रि को अपना इलाज करवाया। विनोद कुमार के अनुसार इससे पूर्व में भी वेदप्रकाश शर्मा ने उसके साथ मारपीट की थी परन्तु गंाव की पंच पंचायती में माफी मांग ली। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान हैड कांस्टेबल करणी सिंह 2033 के सुपुर्द की। Hanumangarh News















