हमसे जुड़े

Follow us

22.5 C
Chandigarh
Monday, February 16, 2026
More

    UP Highway News: खुशखबरी, यूपी के ये हाईवे बनेगा 6 लेन, केन्द्र सरकार से मिली मंजूरी

    UP Highway News
    UP Highway News: खुशखबरी, यूपी के ये हाईवे बनेगा 6 लेन, केन्द्र सरकार से मिली मंजूरी

    UP Highway News: मुजफ्फरनगर अनु सैनी। दिल्ली से देहरादून तक बनने वाले नेशनल हाईवे को अब चार लेन से बढ़ाकर छह लेन किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। पहले चरण में मेरठ से रुड़की तक लगभग 70 किलोमीटर लंबे हिस्से को चौड़ा करने का काम किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

    प्राइवेट संस्था करेगी सर्वे और तैयार करेगी डीपीआर | UP Highway News

    एनएचएआई इस प्रोजेक्ट के लिए एक निजी संस्था को नियुक्त करेगा, जो हाईवे की वर्तमान स्थिति, फ्लाइओवर, अंडरपास और ट्रैफिक दबाव का विस्तृत सर्वे करेगी। इसी सर्वे के आधार पर छह लेन निर्माण की डीपीआर तैयार होगी। इस रिपोर्ट पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत आएगी।

    निर्माण से पहले जनप्रतिनिधियों से होगी चर्चा

    प्रोजेक्ट शुरू करने से पहले विभाग स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों से विचार-विमर्श करेगा। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, और समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक समेत कई नेता इस चर्चा में शामिल होंगे। उनके सुझावों को ध्यान में रखकर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि प्रोजेक्ट सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।

    सभी फ्लाइओवर और अंडरपास होंगे डिजाइन के अनुरूप परीक्षण

    मेरठ से रुड़की तक के हिस्से में मौजूदा फ्लाइओवर और अंडरपास की तकनीकी जांच की जाएगी। इन्हें छह लेन के हिसाब से फिर से डिजाइन किया जाएगा ताकि भविष्य में ट्रैफिक बाधित न हो। साथ ही हाईवे पर मौजूद जानलेवा कटों को भी समाप्त करने की दिशा में काम होगा। विशेष रूप से बिलासपुर कट पर फ्लाइओवर निर्माण की मांग की गई थी, जिसे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।

    हाईवे पर मौजूद प्रमुख फ्लाइओवर और अंडरपास

    दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे के मेरठ परिक्षेत्र में फिलहाल एक फ्लाइओवर, तीन रेलवे ओवरब्रिज और सात अंडरपास मौजूद हैं। इनमें बागपत बाईपास, कंकरखेड़ा, मोदीपुरम, दौराला, सकौती, दादरी, भंगेला फ्लाइओवर, और रायपुर-नंगली, जानसठ, भोपा बाईपास जैसे अंडरपास शामिल हैं।

    खतरनाक कटों पर भी रहेगा फोकस

    हाईवे पर कई जगह ऐसे कट हैं जो दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। इनमें पीनना तिराहा, बागोवाली चौराहा, रथेड़ी कट, बिलासपुर कट, पचेंडा फ्लाईओवर, रामपुर तिराहा, मंसूरपुर तिराहा, बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज, देवराणा होटल कट, जड़ौदा स्टैंड और खतौली का केएफसी होटल कट शामिल हैं। इन स्थानों को भी छह लेन निर्माण के दौरान सुरक्षित बनाया जाएगा।

    दिल्ली-देहरादून हाईवे का सफर होगा और आसान

    वर्ष 2009 में यह हाईवे चार लेन में विकसित किया गया था, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक के कारण अब इसका विस्तार जरूरी हो गया है। दिल्ली से देहरादून तक की कुल लंबाई करीब 250 किलोमीटर है। छह लेन बनने के बाद न केवल वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी, बल्कि जाम और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
    मुख्य आंकड़े एक नजर में
    पहला चरण: मेरठ से रुड़की तक 70 किलोमीटर
    लागत: डीपीआर पर लगभग 2 करोड़ रुपये
    मौजूदा चौड़ाई: 4 लेन
    भविष्य की योजना: 6 लेन
    फ्लाइओवर-अंडरपास सर्वे: कुल 12 स्थान