टेक्सास में बंदूकधारी ने बरसाई गोलियां, एक की मौत, पाँच घायल

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

टेक्सास (एजेंसी)। अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। टेक्सास के ब्रायन शहर के औद्योगिक पार्क में अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 5 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। ये गोलीबारी ऐसे वक्त हुई है जबकि राष्टÑपति जो बाइडेन खुद ऐसी बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता जता चुके हैं। ब्रायन पुलिस प्रमुख एरिक बस्क ने बताया कि गोलीकांड औद्योगिक पार्क में केंट मूर कैबिनेट्स नामक कंपनी के पास हुई है। माना जा रहा है कि हमलावर कैंट मूर कैबिनेट्स का ही कर्मचारी था। बस्क के मुताबिक, जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची हमलावर वहां से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि गोलीबारी करने के कारणों जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने जांच में मदद की पेशकश की है।

पुलिस कर्मी की हालत गंभीर

वहीं, ग्रिम्स काउंटी शेरिफ डॉन सोवेल ने कहा कि एक संदिग्ध व्यक्ति को कैबिनेट प्लांट से लगभग 48 किलोमीटर दूर आयोला से गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध आरोपी का पीछा करते हुए घायल हुए पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटनास्थल से दूर रहें आम लोग : पुलिस

पुलिस कंपनी के कमर्चारियों से भी पूछताछ कर रही है। कुछ चश्मदीदों ने आरोपी की पहचान की है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि जांच पूरी होने तक घटनास्थल से दूर रहें। ब्रायन ह्यूस्टन के उत्तर-पश्चिम में लगभग 160 किलोमीटर की दूरी पर है और यहां की आबादी 86,000 है। कैबिनेट बनाने वाली कंपनी केंट मूर कैबिनेट्स का मुख्यालय यहीं स्थित है।

राष्ट्रपति बिडेन ने जताई थी चिंता

इससे पहले, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिका में हो रही ही गोलीबारी पर चिंता जताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। बाइडेन ने कहा था कि देश में बंदूक से की गई हिंसा एक महामारी है और यह हमारे लिए शर्मनाक है। अमेरिकी राष्ट्रपति गोलीबारी की घटनाओं पर अंकुश के लिए शराब, तंबाकू, आग्नेयास्त्र एवं विस्फोटक ब्यूरो के निदेशक के तौर पर डेविड चिपमैन को नामित कर सकते हैं। चिपमैन पूर्व संघीय एजेंट और बंदूक नियंत्रण समूह गिफ्फोर्ड में सलाहकार हैं। वह बंदूक कानूनों को मजबूत करने के पैरोकार रहे हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts