हिसार के चक्कर से मिलेगी राहत, विकास और रोजगार की नई राह पर बढ़ता शहर
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi District News: कभी छोटे-बड़े कामों के लिए हिसार के चक्कर काटने वाला हांसी आज अपनी नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। 16 दिसंबर 2025 को हरियाणा का 23वां जिला बनने के बाद अब इस शहर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने की उम्मीदें जाग उठी हैं। लोगों की नजरें अब हांसी के पहले वित्त वर्ष पर टिकी हैं, आज से इसे बदलाव की असली शुरूआत माना जा रहा है। नए जिले का दर्जा मिलने के बाद सबसे बड़ा बदलाव प्रशासनिक स्तर पर देखने को मिलेगा। अब जिला उपायुक्त सहित विभिन्न विभागों के कार्यालय यहीं स्थापित होंगे। Hansi News
इससे न केवल लोगों का समय बचेगा, बल्कि सरकारी कामकाज भी तेज और सुगम होगा। स्थानीय निवासी मानते हैं कि अब काम के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, यही सबसे बड़ी राहत है। शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी विकास की नई उम्मीद जगी है। पहले वित्त वर्ष में प्रशासनिक ढांचा, सड़कों, सीवरेज, ड्रेनेज, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर जोर बढ़ने की संभावना है। नए सरकारी भवनों का निर्माण परियोजनाओं की शुरूआत हांसी को एक उभरते विकास केंद्र के रूप में स्थापित कर सकती है। कानून व्यवस्था के क्षेत्र में भी बदलाव की उम्मीद है। जिला बनने के बाद पुलिस बल में बढ़ोतरी और थानों के पुनर्गठन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। इससे आमजन का भरोसा भी बढ़ेगा। हालंकि हांसी पुलिस जिला तो पहले ही बन चूका था। युवाओं के लिए भी यह बदलाव नई उम्मीदें लेकर आया है।
जिला मुख्यालय बनने के साथ सरकारी नौकरियों के अवसर बढ़ेंगे, वहीं निर्माण कार्यों और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी से स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले किसानों को भी इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। अब कृषि योजनाओं का लाभ तेजी से मिलेगा और मंडियों व सिंचाई से जुड़े फैसले स्थानीय स्तर पर लिए जा सकेंगे, जिससे गांवों के विकास को नई गति मिलेगी। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीदों के बीच लोग मानते हैं कि आने वाले समय में हांसी को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि पहला वित्त वर्ष विकास कार्यों का रोडमैप होगा जिसमे | Hansi News
- हांसी को पीने के लिए भाखड़ा नहर से पानी उपलब्ध करवाने की योजना
- हांसी के सामान्य अस्पताल को 200 बेड तक अपग्रेड किया जाएगा
- नए जिला सचिवालय भवन का निर्माण प्रस्तावित
- अन्य सरकारी दफ्तरों के लिए आधुनिक भवन तैयार किए जाएंगे
- नए सेक्टर काटे जाने की योजना
- पुलिस लाइन का निर्माण
- पुलिस जवानों के लिए रेजिडेंशियल फ्लैट बनाए जाएंगे
- जेल निर्माण परियोजना भी शामिल है।
यह भी पढ़ें:– Gas Agency Raids: गैस एजेंसी पर डीएफएससी की छापेमारी, ज्यादा वसूली, बाउंसरों की गुंडागर्दी उजागर















