ऐतिहासिक दिन : हरियाणा पुलिस को मिला राष्‍ट्रपति निशान

amit shah haryana
  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मधुबन के वाच्छेर स्टेडियम में सौंपा
  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के प्रयासों को सराहा

करनाल (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा पुलिस के सेवा, सुरक्षा व सहयोग का शीर्ष वाक्य मंगलवार को उस समय सार्थक सिद्ध हुआ जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस की कार्यशैली के लिए राष्ट्रपति निशान प्रदान किया। अब हरियाणा पुलिस अपनी वर्दी पर बाये बाजू पर राष्ट्रपति निशान लगा सकेंगे, जो उन्हें गौरव एवं गर्व की भावना से ओत-प्रोत करेगा। करनाल में हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन के वच्छेर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह में शानदार परेड के बाद उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने राष्ट्रपति निशान प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज की कार्यशैली की भी सराहना की।

पुलवामा के शहीदों को किया नमन

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने आज ही के दिन वर्ष 2019 में पुलवामा में एक कायराना हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 40 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जब तक भारत की रक्षा का इतिहास लिखा जाएगा, तब तक इन 40 जवानों के नाम स्वर्णिम अक्षरों से भारत के सुरक्षा इतिहास में चिन्हित होगा। उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुष्मा स्वराज के जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें भी नमन किया।

हरियाणा पुलिस धाकड़

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मुझे बहुत ही गौरव की अनुभूति हो रही है कि हरियाणा पुलिस जैसी धाकड़ पुलिस को आज राष्ट्रपति सम्मान देने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रपति निशान 25 साल तक सातत्यपूर्ण सेवा व शौर्य और समर्पण से सेवा करने की समीक्षा के बाद पुलिस को प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का हर एक क्षेत्र में चाक-चौबंद रहने का इतिहास है, चाहे कानून और व्यवस्था की परिस्थिति को दुरुस्त रखना हो या सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना हो या नागरिकों के जीवन को सुलभ बनाना हो या राजधानी के नजदीक होने के कारण कई आंदोलनों से कुशलतापूर्वक व मानवीय तरीके से निपटना हो, हर क्षेत्र में हरियाणा पुलिस ने अपना शौर्य, धैर्य और साहस का परिचय दिया है।

देश के 10 राज्यों में हुई शामिल

अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति निशान से प्राप्त होने वाली हरियाणा पुलिस देश के 10 राज्यों में से एक पुलिस बन गयी है। इससे पहले यह सर्वोच्च सम्मान मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, तमिलनाडु, त्रिपुरा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और असम राज्यों की पुलिस को मिला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1951 में सबसे पहले यह निशान इंडियन नेवी को मिला था। उसके बाद में 10 पुलिस को और कई सीएपीएफ को मिला है।

आईसीजेएस तथा सीसीटीएनएस के सफल क्रियान्वयन देश में प्रथम

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा में 29 साइबर थाने, 309 साइबर डेस्क स्थापित किए गए हैं, जो साइबर फ्रॉड के केसों पर नकेल कर रहे हैं। इंटर-आॅपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) प्रोजेक्ट तथा सीसीटीएनएस के सफल क्रियान्वयन के लिए हरियाणा पुलिस को देशभर में प्रथम स्थान मिला है, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृहमंत्री अनिल विज को बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उड़न दस्ता, एंटी करप्शन विंग के माध्यम से 1303 छापे मारकर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।

सेवा, सुरक्षा व सहयोग हमारी भावना के प्रतीक : मनोहर

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के तीन शब्द सेवा, सुरक्षा व सहयोग, यह केवल तीन शब्द नहीं है, बल्कि हमारी भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर से 370 धारा और 35 ए को समाप्त करने का जो साहसिक कार्य किया गया है, उससे एक निशान, एक विधान और एक प्रधान का सपना साकार हुआ है। इसी प्रकार नागरिकता संशोधन कानून व अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस प्रदेश में सुरक्षा को चाक चौबंद किए हुए है। 21वीं सदी में पुलिस में जो दक्षता होनी चाहिए, वह हरियाणा पुलिस में है। हर समय पोर्टल पर 32 नागरिक सेवाएं पुलिस के द्वारा दी जाती हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here