Weather Update: भयंकर ठंड से ठिठुरेगा हरियाणा, मौसम विभाग ने अलर्ट किया जारी

कोहरे ने रोकी रफ्तार, सड़कों पर रेंगे वाहन

चंडीगढ़/हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। संपूर्ण उत्तर भारत सर्दी की चपेट में है। दो दिनों से जहां हरियाणा पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश में कोहरा छाया हुआ है। वहीं अब रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी गिरावट शुरू हो गई। हरियाणा में अब 16-17 दिसंबर को उत्तर-पश्चिमी शीतलहर की चपेट में आने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पंजाब, हरियाणा समेत क्षेत्रों में घना कोहरा भी बरकरार रह सकता है। Weather Update

सोमवार को पंजाब के भटिंडा में जहाँ न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के मौसम बुलेटिन के मुताबिक पंजाब व हरियाणा में सुबह के समय घना कोहरा जारी रहने की चेतावनी दी गई है, जो अगले सप्ताह तक भी प्रभावी रहेगा। न्यूनतम तापमान हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली में 5-10 डिग्री सेल्सियस के दायरे में दर्ज हो रहे हैं, जबकि अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि संभव है।

दिसंबर में सामान्य से अधिक शीतलहर के दिन रहने का अनुमान है, खासकर पंजाब-हरियाणा-राजस्थान में चार-पांच अतिरिक्त दिन शीतलहर चल सकती है। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने शीतलहर से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, गर्म कपड़े पहनने और बाहरी गतिविधियां सीमित करने की सलाह दी गई है। भारत मौसम विभाग के दिशानिदेर्शों के मुताबिक, हीटर इस्तेमाल में सावधानी बरतें, विटामिन-सी युक्त भोजन लें व नमी से बचें ताकि फ्रॉस्टबाइट जैसी समस्याएं न हों।

स्कूलों का बदल सकता है समय

शिक्षा विभाग शीतलहर के मद्देनजर स्कूलों के समय में बदलाव या जल्दी छुट्टियां घोषित करने पर विचार कर रहा है। दिसंबर के अंत में पीएम श्री स्कूलों में 23 दिसंबर से 1 जनवरी तक 10 दिवसीय विंटर ब्रेक है, जबकि सामान्य स्कूल 1-15 जनवरी तक बंद रहेंगे। ठंड बढ़ने पर डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट समय बदल सकते हैं। अत्यधिक ठंड या कोहरे पर प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए तत्काल छुट्टियां संभव हैं।

एयर इंडिया की कई उड़ानें रद्द

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। खराब मौसम का असर सभी एयरलाइनों की उड़ानों पर पड़ा। इस बीच एयर इंडिया ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए सुरक्षा कारणों से कई उड़ानें रद्द करने की जानकारी दी। इससे पहले इंडिगो एयरलाइंस ने भी कोहरे को लेकर यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। Weather Update