सरकारी माता कौशल्या अस्पताल में कराया भर्ती
- 10 लाख का स्वास्थ्य कार्ड भी बनवाया
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर तूर)। Health Minister: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सोमवार को रास्ते में घायल हुए एक पुलिसकर्मी को फर्स्ट एड देकर तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और उसके इलाज के लिए 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य कार्ड भी बनवाया। घटना उस समय हुई जब हलका सनौर के दूधनसाधा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की रैली में शामिल होने के लिए स्वास्थ्य मंत्री जा रहे थे। रास्ते में पुलिसकर्मी राजवंत सिंह निवासी शादीपुर अपनी मोटरसाइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गिरने से उसकी पगड़ी भी उतर गई। मंत्री ने भीड़ देखकर गाड़ी रोकी और घायल पुलिसकर्मी को दर्द से तड़पता पाया। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी से फर्स्टएड बॉक्स मंगवाकर प्राथमिक उपचार दिया। Patiala News
इसके बाद मंत्री ने निर्देश दिया कि घायल को तुरंत पटियाला के सरकारी माता कौशल्या अस्पताल ले जाया जाए और इलाज शुरू किया जाए। चूँकि पुलिसकर्मी का 10 लाख रुपये वाला स्वास्थ्य कार्ड नहीं बना था, इसलिए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्ड जारी करने के आदेश दिए ताकि इलाज में कोई खर्च न लगे। बताया गया कि पुलिसकर्मी का कंधा उतर गया था और वह दर्द से काफी परेशान था। समय रहते उसे अस्पताल पहुँचाया गया।
हर गाड़ी में फर्स्ट एड बॉक्स रखने की अपील | Patiala News
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने भीड़ देखकर गाड़ी रोकी थी और उन्हें यह नहीं पता था कि घायल व्यक्ति पुलिसकर्मी है। उन्होंने तुरंत फर्स्टएड बॉक्स मंगवाकर प्राथमिक उपचार दिया जिससे उसका दर्द कम हुआ। मंत्री ने आम लोगों से भी अपील की कि हर व्यक्ति अपनी गाड़ी में फर्स्टएड बॉक्स जरूर रखे ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद की जा सके। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने फरिश्ते की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई है।















