
नवंबर 2025 में की थी लव मैरिज, दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram Crime News: अपनी 23 वर्षीय नर्सिंग ऑफिसर पत्नी को जहर का टीका देकर मारने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला के भाई का आरोप है कि वह उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। आखिरकार उसने उसकी बहन की हत्या भी कर दी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपी को उप-निरीक्षक इंचार्ज पुलिस चौकी सेक्टर-93 प्रदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपी को गुरुग्राम के सेक्टर-89 से काबू किया गया है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-10 क्षेत्र में एक महिला की मौत के मामले में आरोपी उसके पति से पुलिस पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने बताया कि 18 मार्च 2026 को उसने अपनी पत्नी को एक इंजेक्शन लगाया था, जिसके कारण उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। बता दें कि 18 मार्च 2026 को सेक्टर-93 पुलिस चौकी को सेक्टर-10 अस्पताल से एक महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम असपताल पहुंची। वहां मृतका के भाई ने पुलिस टीम को शिकायत देकर कहा कि उसकी बहन की शादी नवंबर 2025 में अरुण शर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही अरुण शर्मा द्वारा उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। Gurugram Crime News
छोटी-छोटी बातों पर मारपीट की जाती व बार-बार पैसों की मांग को लेकर उसकी बहन पर दबाव बनाया जाता था। 18 मार्च 2026 को सुबह उसके जीजा ने उसकी बहन को बात करने के लिए नीचे कमरे में लेकर गया था। इसके कुछ समय पश्चात ही उसकी बहन घर में बेहोश अवस्था में मिली। उसके नाक से खून निकला हुआ था, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयानों व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-10 में अरुण शर्मा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने महिला के पति अरुण शर्मा को दिल्ली के अशोक नगर शाहदरा से काबू किया गया है।
यह भी पढ़ें:– LPG Cylinder Shortage: रसोई गैस की कीमतों और किल्लत के खिलाफ महिलाओं ने किया प्रदर्शन














