हमसे जुड़े

Follow us

22.1 C
Chandigarh
Thursday, March 26, 2026
More
    Home खेल भारत ने 14 सा...

    भारत ने 14 साल बाद जीता अंडर-18 एशियाई वॉलीबॉल पदक

    तेहरान (एजेंसी)। भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने एशियाई अंडर-18 चैंपियनशिप 2022 के कांस्य पदक मैच में दक्षिण कोरिया को हराकर टूनार्मेंट में 14 साल बाद पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने सोमवार को पांच सेट के रोमांचक मैच में दक्षिण कोरिया को 25-20, 25-21, 26-28, 19-25 15-12 से मात देकर कांसे का तमगा जीता। भारत की जीत में आशीष स्वैन, आर्यन बालियान खुश सिंह और कार्तिक शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले भारत ने ग्रुप स्टेज में भी कोरिया को मात दी थी मगर सेमीफाइनल में उसे मेजबान ईरान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। यह एशियाई अंडर-18 वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत का पांचवां पदक है। इससे पहले भारत ने 2008 में भी यहां कांस्य पदक हासिल किया था। इसी के साथ भारत ने एफआईवीबी विश्व अंडर-19 चैंपियनशिप के लिये भी क्वालीफाई कर लिया है।

    चांगवोन 2022 के छठे दिन भारत ने जीते तीन पदक

    भारतीय निशानेबाजों ने चांगवोन 2022 पैरा-शूटिंग विश्व कप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए आयोजन के छठे दिन मंगलवार को तीन पदक जीते। विश्व की नंबर पांच शूटर रुबीना फ्रांसिस ने पी2 महिला 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में 213.2 पॉइंट के साथ कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में ईरान की शाही ने 238.4 पॉइंट के साथ स्वर्ण जीता, जबकि उनकी हमवतन सारेह जवांमर्दी ने 234.3 पॉइंट के साथ चांदी अपने नाम की। रुबीना ने निशा और सुमेधा के साथ मिलकर पी2 महिला टीम 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में भारत के लिये रजत भी जीता। इसी बीच, सिंहराज अधाना, दीपेंद्र सिंह और संदेश की भारतीय टीम ने पी1 पुरुष टीम 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में रजत पदक हासिल किया। भारत अब तक चांगवोन 2022 में एक स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य सहित नौ पदक जीत चुका है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here