हमसे जुड़े

Follow us

19.9 C
Chandigarh
Monday, April 6, 2026
More
    Home खेल दावेदारी मजबू...

    दावेदारी मजबूत करेगी मिताली एंड कंपनी

    Indian, Women Team, Play, Win, Cricket, ICC

    आईसीसी महिला विश्वकप: श्रीलंका के खिलाफ मैच कल, भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे से स्टार स्पोर्ट्स पर

    •  मंधाना और मिताली पर होंगी सभी निगाहें

    डर्बी (एजेंसी)। आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप में जीत की हैट्रिक लगा चुकी भारतीय क्रिकेट टीम अपनी स्टार बल्लेबाज मिताली राज की कप्तानी में बुधवार को श्रीलंका के खिलाफ भी इसी लय को कायम रखते हुए टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत करने उतरेगी। भारतीय टीम ने विश्वकप में अब तक अपने पिछले तीनों मैच इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से एकतरफा अंदाज में जीते हैं और वह तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। भारत की तरह छह अंक लेकर आस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है। वहीं श्रीलंका पिछले तीनों मैच हारने के बाद छठे नंबर पर है और उसका खाता अब तक नहीं खुला है।

    टीम मिताली अब सेमीफाइनल में जगह पक्की करने से कुछ ही दूर है और ऐसे में पस्त श्रीलंका के खिलाफ उसकी जीत इस दावेदारी को और मजबूत कर देगी। ऐसे में भारत के लिए जरुरी होगा कि वह अपनी लय को कायम रखे और अति आत्मविश्वास से बचते हुए जीत दर्ज करे। जबरदस्त फार्म में चल रही महिला क्रिकेट टीम ने पिछले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 95 रन से हराकर काफी वाहवाही लूटी थी और इस जीत तथा समर्थन ने उसके मनोबल को और भी बढ़ाया है। भारतीय कप्तान मिताली ने मैच से पूर्व माना था कि टीम श्रीलंका के खिलाफ जल्दी विकेट गंवाए बिना लय बनाएगी और बढ़िया साझेदारी कर विपक्षी टीम पर दबाव बनाने का प्रयास करेगी।

     श्रीलंका के खिलाफ भारत का बल्लेबाजी और गेंदबाजी में पलड़ा भारी

    उन्होंने साथ ही कहा कि वह श्रीलंका के खिलाफ विकेट के हिसाब से अपनी योजना बनाएंगी। टीम के पास बढ़िया स्पिनर और तेज गेंदबाज मौजूद हैं और फिलहाल भारत का बल्लेबाजी और गेंदबाजी में पलड़ा भारी दिख रहा है। भारतीय महिलाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में निर्धारित 50 ओवर में 169 रन का आसान सा स्कोर बनाया था लेकिन उसकी गेंदबाजों ने इस छोटे स्कोर का भी बखूबी बचाव किया और पाकिस्तानी टीम को 74 रन पर ही ढेर कर दिया।

    इस मैच में लेफ्ट आर्म स्पिनर एकता बिष्ट ने 10 ओवर में 1.80 के इकोनोमी रेट से केवल 18 रन देकर पांच विकेट निकाले थे। बिष्ट के अलावा स्पिन विभाग में दीप्ति शर्मा भी कमाल की खिलाड़ी हैं जो निरंतर अपना योगदान दे रही हैं। दोनों खिलाड़ी पिछले तीन मैचों में छह-छह विकेट निकालकर सबसे सफल रही हैं।

    कप्तान मिताली टीम की तीसरी सर्वश्रेष्ठ स्कोरर

    पूनम यादव और हरमनप्रीत कौर ने अब तक तीन-तीन विकेट लेकर मुख्य गेंदबाजों की काफी मदद की है। इसके अलावा अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी की उपस्थिति भी अह्म रही है। हालांकि वनडे इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकार्ड बनाने वाली झूलन ने अब तक केवल एक विकेट ही लिया है लेकिन वह अनुभव के लिहाज से गेंदबाजी क्रम में अह्म खिलाड़ी हैं।

    वहीं बल्लेबाजी क्रम में स्मृति मंधाना अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में खेल रही हैं तो वहीं कप्तान मिताली टीम की तीसरी सर्वश्रेष्ठ स्कोरर हैं। इसके अलावा पूनम राउत (133) दूसरे नंबर पर हैं। मंधाना पिछले तीन मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक सहित 198 रन बनाकर श्रेष्ठ स्कोरर हैं और उनसे इसी लय की उम्मीद श्रीलंका के खिलाफ भी रहेगी जिसने अपने तीन मैचों में न्यूजीलैंड से नौ विकेट, आस्ट्रेलिया से आठ और इंग्लैंड से सात विकेट से मैच हारे हैं।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।